ICC ODI Rankings: विराट कोहली को लगा एक और झटका, बाबर आजम के बाद ये पाकिस्तानी बल्लेबाज भी निकला आगे

By Akash Ranjan On June 15th, 2022
ICC ODI Rankings: विराट कोहली को लगा एक और झटका, बाबर आजम के बाद ये पाकिस्तानी बल्लेबाज भी निकला आगे

ICC ODI Rankings में एक समय भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) का नाम सबसे ऊपर हुआ करता था। विराट कोहली मतलब नंबर वन वनडे बल्लेबाज हुआ करते थे, लेकिन अब इसकी परिभाषा थोड़ी सी बदल गई है, क्योंकि पहले विराट कोहली ने खराब प्रदर्शन और कम मैचों की वजह से नंबर वन की कुर्सी खोई और अब वे नंबर दो से भी नीचे आ गए हैं। पाकिस्तान के एक और बल्लेबाज ने नंबर दो पर कब्जा जमा लिया है।

भारतीय टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) के लिए पिछले कुछ साल ज्यादा खास नहीं रहे हैं। विराट को शतक ठोके 3 साल से ज्यादा का समय हो चुका है। इसका असर लगातार विराट की रैंकिंग में भी देखने को मिल सकता है। विराट लगातार रैंकिंग में अपने से निचले स्तर के बल्लेबाजों से भी लगातार पीछे होते जा रहे हैं।

विराट कोहली से आगे अब ये खिलाड़ी

आईसीसी (ICC) ने हाल ही में तीनों फॉर्मेट की रैंकिंग जारी की हैं। वहीं वनडे रैंकिंग में विराट कोहली (Virat Kohli) को एक और बड़ा नुकसान हुआ है। विराट पहले बाबर आजम (Babar Azam) के बाद दूसरे नंबर पर थे, लेकिन अब वो इमाम उल हक (Imam-ul-Haq) से भी पीछे छूट गए हैं और अब विराट वनडे रैंकिंग में तीसरे नंबर पर हैं। वहीं इस लिस्ट में चौथे नंबर पर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) हैं। जबकि पांचवें स्थान पर साउथ अफ्रीका के क्विंटन डी कॉक (Quinton de Kock) हैं।

बॉलिंग की बात करें तो जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) चौथे से पांचवें पायदान पर खिसक गए हैं। वहीं, जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood) को एक पायदान का फायदा हुआ है, जो दूसरे स्थान पर पहुंचे हैं, जबकि मैट हेनरी (Matt Henry) भी एक पायदान ऊपर गए हैं। वे अब नंबर तीन गेंदबाज हैं। चौथे नंबर पर शाहीन अफरीदी (Shaheen Afridi) पहुंच गए हैं।

टेस्ट में जो रूट नंबर एक पर

इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट (Joe Root) न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज (WTC) में लगातार दो शतक लगाने के बाद आईसीसी टेस्ट प्लेयर रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर वापस आ गए हैं। रूट पहले टेस्ट के बाद मार्नस लाबूशेन (Marnus Labuschagne) के बराबर पहुंच गए थे, लेकिन दूसरे टेस्ट के बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज से शीर्ष स्थान वापस छीन लिया, जिससे वह अब पांच रेटिंग अंक से आगे है। आईसीसी के अनुसार, नॉटिंघम टेस्ट की पहली पारी में 176 रन की पारी के बाद रूट के 897 अंक हैं, जो उनके सबसे ज्यादा 917 अंकों से 20 कम है।

Tags: ICC ODI Rankings, इमाम उल हक, विराट कोहली,
Exit mobile version