सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को हटाए जाने के बाद विवाद और गहरा गया है। इसी मामले में CM योगी आदित्यनाथ और सहारनपुर के जिलाधिकारी को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में यूट्यूबर और सामाजिक कार्यकर्ता हुदा जरीवाला को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
मामला उस समय चर्चा में आया जब सोशल मीडिया पर हुदा जरीवाला का एक वीडियो सामने आया। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में CM योगी आदित्यनाथ और जिलाधिकारी को लेकर कथित आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणियां की गई थीं। इसके बाद अधिवक्ता दुष्यंत सिंह की शिकायत पर सहारनपुर के सदर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने वायरल वीडियो और उसमें कही गई बातों की जांच शुरू कर दी है।
आखिर हुदा जरीवाला कौन हैं?
हुदा जरीवाला खुद को पत्रकार, यूट्यूबर, सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिक विश्लेषक बताती हैं। उनकी सार्वजनिक प्रोफाइल के मुताबिक, उन्होंने सऊदी अरब के एक टीवी चैनल में न्यूज एंकर के तौर पर काम किया है और बाद में बीबीसी तथा अन्य मीडिया संस्थानों से भी जुड़ी रहीं। वह राजनीतिक बहसों और सोशल मीडिया पर अपनी बेबाक टिप्पणियों के लिए भी जानी जाती हैं।
हुदा जरीवाला का राजनीतिक जुड़ाव भी रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता के तौर पर काम कर चुकी हैं और 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में पार्टी के लिए प्रचार में भी नजर आई थीं।
CM योगी आपत्तिजनक टिप्पणी
दरअसल, सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित एक मस्जिद को 5 सितंबर को पुलिस सुरक्षा के बीच हटाया गया था। इस कार्रवाई को लेकर इलाके में राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं सामने आईं। इसी दौरान 7 सितंबर को हुदा जरीवाला सहारनपुर के सर्किट हाउस पहुंचीं, जहां सपा प्रतिनिधिमंडल के आने की बात बताई गई है। वहां पुलिसकर्मियों के साथ उनकी कहासुनी भी हुई।
इसके बाद सोशल मीडिया पर उनका वीडियो सामने आया और CM योगी आदित्यनाथ तथा जिलाधिकारी के खिलाफ कथित टिप्पणियों को लेकर पुलिस में शिकायत की गई। पुलिस ने मामला दर्ज करने के साथ उन्हें हिरासत में लिया और बाद में शांतिभंग की कार्रवाई के तहत चालान कर जेल भेज दिया।
किस धारा में हुई कार्रवाई?
हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 299 के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निवारक कार्रवाई भी की गई। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और कथित टिप्पणियों की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की जांच जारी है। इसलिए सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे दावों और आधिकारिक जांच में सामने आने वाले तथ्यों को अलग-अलग देखना जरूरी है।
