खुद जलती कार में शीशा तोड़कर निकले ऋषभ पंत, ग्रामीणों ने लूट लिए पैसे और बनाया तड़पते ऋषभ का वीडियो

By Tanu Chaturvedi On December 30th, 2022
ऋषभ पंत

टीम इंडिया के स्टार प्लेयर और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का शुक्रवार यानि आज सुबह कार एक्सीडेंट रुड़की में हो गया। ऋषभ पंत कार में अकेले थे। झपकी आने से उनकी मर्सिडीज अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिसके बाद उसमें आग लग गई और पलट गई। एक्सीडेंट के बाद पंत जलती हुई कार की खिड़की तोड़कर बाहर निकले। उन्हें सिर, पीठ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी हालत खतरे से बाहर है।

उन्हें इलाज के लिए रुड़की से देहरादून ले जाया गया है। यहां के मैक्स हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टर की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है। ऐसा कहा जा रहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो उन्हें दिल्ली एयरलिफ्ट किया जाएगा। खबरों की मानें तो वो मां को सर्पराइज देने जा रहे थे।

कैसे हुआ हादसा

ऋषभ पंत रुड़की में उनके घर से 10 किलोमीटर दूर थे, तभी उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया। गाड़ी की रफ्तार 150 किमी प्रति घंटा बताई जा रही है। ग्रामीणों और सीसीटीवी कैमरों से कुछ वीडियोज भी सामने आ रहे हैं। वह गाड़ी में अकेले थे और अपनी मर्सिडीज DL 10 CN 1717 को खुद ही ड्राइव कर रहे थे। सक्षम हॉस्पिटल के चेयरमैन और ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉक्टर सुशील नागर ने दैनिक भास्कर को बताया कि MRI के बाद ही पता चलेगा कि उनके घुटने में कौन सी हड्‌डी टूटी है। पंत को ऑपरेशन की जरूरत भी पड़ सकती है।

जलती कार में से खुद निकले ऋषभ पंत

ऋषभ पंत गाड़ी में आग लगने के बाद भी अंदर मौजूद थे। ग्रामीणों के मुताबिक उन्होंने ऋषभ को कार का कांच तोड़कर बाहर निकाला। वहीं उत्तराखंड DG अशोक कुमार के मुताबिक, एक्सीडेंट के बाद पंत जलती हुई कार की खिड़की तोड़कर बाहर निकले थे।

मदद की बजाय ग्रामीणों ने लूटे पैसे

ऐसा बताया जा रहा है कि ऋषभ की गाड़ी में करीब तीन से चार लाख रुपए थे। घटना के बाद सारे रुपए सड़क पर बिखरे पड़े थे। वे वहां तड़पते रहे लेकिन इस दौरान कुछ लोग ऋषभ की मदद करने के बजाय नोट अपनी जेबों में भरने और वीडियो बनाने में मशगूल हो गए।

Tags: ऋषभ पंत, ऋषभ पंत एक्सीडेंट, टीम इंडिया,