अर्जुन तेंदुलकर की डेब्यू को लेकर विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव ने दी प्रतिक्रिया, बताया कैसे बनेंगे अगले सुपरस्टार

आईपीएल 2022 का सीजन मुंबई इंडियंस की टीम के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं हैं। 5 बार की चैंपियन मुंबई इस बार 5 मुकाबले भी नहीं जीत पायी। इस पूरे सीजन हमने मुंबई को प्लेइंग इलेवन में अर्जुन तेंदुलकर (ARJUN TENDULKAR) को देखने की उम्मीद जताई पर ऐसा नहीं हुआ। 2 साल से टीम का हिस्सा रहे अर्जुन को इस सीजन एक भी मैच खेलने को नहीं मिला। हाल ही में लिजेंड्री क्रिकेटर कपिल देव (KAPIL DEV) ने अर्जुन के बारे में बात की। कपिल देव ने कहा अर्जुन को हमें समय देना चाहिए।
अर्जुन तेंदुलकर की तुलना सचिन से ना करें- कपिल देव
आईपीएल के इस पूरे सीजन फैंस ने अर्जुन तेंदुलकर के डेब्यू का इंतजार किया। क्रिकेट से जुड़ा हर दिग्गज अर्जुन के डेब्यू को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। 1983 विश्व कप विजेता कपिल देव ने भी अर्जुन के डेब्यू और उनके पीछे सरनेम तेंदुलकर के प्रेशर को लेकर अपनी राय दी। कपिल देव ने कहा-
“सब उसके बारे में क्यों बात कर रहे हैं? क्योंकि वह सचिन तेंदुलकर के बेटे हैं। उसे अपना क्रिकेट खेलने दें और उसकी तुलना सचिन से न करें। तेंदुलकर का नाम रखने के फायदे भी हैं और नुकसान भी। डॉन ब्रैडमैन के बेटे ने अपना नाम बदल लिया क्योंकि वह उस तरह के दबाव को नहीं झेल सके। उन्होंने ब्रैडमैन उपनाम हटा दिया क्योंकि सभी को उम्मीद थी कि वह अपने पिता की तरह निकलेंगे।”
आईपीएल 2021 में अर्जुन तेंदुलकर को मुंबई इंडियंस ने खरीदा था। सीजन के दूसरे हॉफ में चोटिल होने की वजह से वो सीजन से बाहर हो गए थे। आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन में मुंबई ने 30 लाख की कीमत पर दोबार अर्जुन को खरीदा था। लेकिन इस साल भी वो डेब्यू नहीं कर पाए।
अर्जुन पर दबाव ना डालें-कपिल देव
कपिल देव ने आगे बात करते हुए कहा कि-
“अर्जुन पर दबाव न डालें। वह एक युवा लड़का है। जब उनके पिता के रूप में महान सचिन हैं तो हम उनसे कुछ भी कहने वाले कौन होते हैं? लेकिन मैं अभी भी उसे एक बात बताना चाहूंगा… जाओ और आनंद लो। कुछ भी साबित करने की जरूरत नहीं है। अगर आप अपने पिता की तरह 50 प्रतिशत भी बन सकते हैं तो इससे अच्छा कुछ नहीं हो सकता। जब तेंदुलकर का नाम आता है तो हमारी उम्मीदें बढ़ जाती हैं क्योंकि सचिन महान थे।”
मुंबई इंडियंस ने इस सीजन ऋतिक शोकीन, कुमार कार्तिकेय, तिलक वर्मा जैसे युवा खिलाड़ियों को डेब्यू का मौका दिया। लेकिन अर्जुन तेंदुलकर को दुर्भाग्यवश डेब्यू का मौका नहीं मिल पाया। लीग के आखिरी मैच में फैंस को उम्मीद थी की शायद इस मैच में अर्जुन को डेब्यू मिल सकता हैं। लेकिन 2 साल से आईपीएल का हिस्सा बने अर्जुन को अपना डेब्यू नहीं मिला।
Tags: अर्जुन तेंदुलकर, आईपीएल 2022, कपिल देव, भारतीय क्रिकेट टीम, मुंबई इंडियस,