फुटबॉल वर्ल्ड कप के बीच क्रिस्टियानो रोनाल्डो को बैन करने की बात, फैंस के बीच मच रहा है हाहाकार

फुटबॉल वर्ल्ड कप की तैयारियां कतर में हो चुकी हैं। इस बीच सुपरस्टार फुटबॉलर और पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो एक अलग विवाद में फंस गए हैं। ऐसी नौबत आ गई है कि कहीं उन पर बैन न लग जाए।
क्या बोले कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो
दरअसल, इस वर्ल्ड कप से पहले पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक इंटरव्यू में क्लब मैनचेस्टर यूनाइटेड और मैनेजर को लेकर ऐसे खुलासे किए जिसके कारण रोनाल्डो परेशानी में आ गए हैं और नौबत उन्हें बैन करने तक पहुंच गई है। पहले दिग्गज स्ट्राइकर ने मशहूर पत्रकार पियर्स मॉर्गन को एक इंटरव्यू दिया, जिसमें उन्होंने इल्जाम लगाया कि क्लब के नए मैनेजर एरिक टैन हाग समेत कई अधिकारी उन्हें नए सीजन की शुरुआत से पहले क्लब से बाहर निकालना चाहते थे। साथ ही उन्होंने क्लब के मालिक, ग्लेजर परिवार, पर आरोप लगाया कि उन्हें क्लब की कोई फिक्र नहीं है और वो इसे सिर्फ कमाई का जरिया समझते हैं। इसको लेकर फुटबॉल जगत में बवाल मच गया।
इसके साथ ही मैनेजर टेन हाग पर इल्जाम लगाया कहा कि वह मैनेजर की इज्जत नहीं करते, क्योंकि टेन हाग भी उनकी इज्जत नहीं करते. रोनाल्डो ने साथ ही आरोप लगाया कि अप्रैल में जब उनके नवजात बच्चे का निधन हुआ था, तो क्लब अधिकारी उनके प्रति संवेदनशील नहीं थे। इसके बाद क्लब ने रोनाल्डो पर कार्रवाई का फैसला लिया। इसके बाद मैनचेस्टर युनाइटेड ने शुक्रवार 18 नवंबर को एक बयान जारी कर बताया कि उन्होंने कप्तान रोनाल्डो ‘उचित कार्रवाई’ शुरू की है। हालांकि, क्लब ने इससे ज्यादा कुछ नहीं बताया।
क्या कहती हैं रिपोर्ट्स
ब्रिटिश अखबार द गार्डियन ने रिपोर्ट में खुलासा किया कि क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने क्लब को बताए बिना ही इंटरव्यू दिया था। साथ ही उन्होंने कॉन्ट्रेक्ट की शर्तों का उल्लंघन किया। और ऐसे में क्लब ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए वकील तैनात कर दिए हैं। मैनचेस्टर युनाइटेड के साथ रोनाल्डो का पुराना रिश्ता है और 18 साल की उम्र में 2003 में इस क्लब के साथ जुड़े थे।
यहीं से रोनाल्डो को पहचान मिली। 2009 में हालांकि वह रियाल मैड्रिड चले गए थे। फिर 2021 में वह फिर से इस क्लब में लौटे। ये उनका दूसरा साल है। रोनाल्डो को मैनचेस्टर युनाइटेड की ओर से 5 लाख पाउंड यानी करीब 4.87 करोड़ रुपये हर हफ्ते के हिसाब से सैलरी मिलती है।
Tags: क्रिस्टियानो रोनाल्डो, फुटबॉल, फुटबॉल वर्ल्ड कप,