विराट कोहली का आज है जन्मदिन, जानिए बचपन से लेकर रन मशीन बनने तक कैसा रहा उनका सफर

By Tanu Chaturvedi On November 5th, 2022
विराट कोहली

विराट कोहली 5 नवंबर को अपना 34वां जन्मदिन मना रहे हैं। विराट कोहली आज 5 नवंबर को 34 साल के हो गए लेकिन अपनी फिटनेस के कारण आज भी 24 साल के लगते हैं। अपने फैंस से उनको जमकर बधाइयां और प्यार आज के दिन मिल रहा है। लेकिन विराट कोहली का बचपन फिर टीम इंडिया के कप्तान से लेकर रन मशीन बनने तक का सफर कैसा था, यह बहुत कम लोग जानते हैं। आज हम आपको इस बारे में बताएंगे…

दिल वालों की दिल्ली से है गहरा नाता

विराट कोहली का जन्म  5 नवंबर  1988 को नई दिल्ली में एक पंजाबी परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम प्रेम कोहली और मां का नाम सरोज कोहली था। विराट के पिता एक क्रिमिनल वकील थे। विराट के भाई का नाम विकास और बहन का नाम भावना है। विराट की परवरिश दिल्ली के उत्तम नगर में हुई थी। विशाल भारती पब्लिक स्कूल में ही उन्होंने पढ़ाई की और 9 साल की उम्र में विराट ने वेस्ट दिल्ली क्रिकेट अकेडमी जाना शुरू किया था।

कोहली उस अकेडमी के पहले बैच का हिस्सा थे। उन्होंने कोच राजकुमार शर्मा के अंडर वहां ट्रेनिंग लेना शुरू किया, साथ ही वसुंधरा एन्क्लेव में सुमीत डोगरा अकेडमी में भी मैच खेलना भी शुरू कर दिया। इसके अलावा 9वीं क्लास में क्रिकेट पर फोकस करने के लिए विराट पश्चिम विहार शिफ्ट हो गए।

अंडर 15 के लिए 2002 में खेला पहला मैच

विराट कोहली ने 2002 में अंडर 15 में पोली उमरीगर ट्रॉफी के लिए पहला मैच खेला था। साथ ही उन्हें 2003-2004 के सीजन में टीम का कप्तान भी बना दिया गया था। इसके बाद 2004 में कोहली दिल्ली की अंडर 17 टीम में विजय मर्चेंट ट्रॉफी के लिए चुन लिया गया था। इस सीजन को जीतकर विराट 7 मैचों में 2 शतक लगाकर 757 रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे।

पिता की मृत्यु के अगले दिन ही खेला था मैच

18 दिसम्बर, 2006 को विराट कोहली (Virat Kohli) के पिता प्रेम कोहली की मृत्यु दिल का दौरा पड़ने की वजह से हो गई थी। साथ ही विराट का अगले दिन कर्नाटक के खिलाफ मैच था। अपने पिता के मृत्यु के ठीक एक दिन बाद विराट मैदान में बल्लेबाजी करने के लिए उतरे और उन्होंने शानदार 90 रनों की पारी खेली। वह आउट होने के बाद सीधा अपने पिता के अंतिम संस्कार में गए थे। यहीं से विराट फेमस होना शुरु हो गए।

वन डे मैच मे किया डेब्यू

जुलाई 2006 में विराट अंडर 19 टीम का हिस्सा बन गए थे। 2008 में उनको टीम का कप्तान बना दिया गया था। विराट कोहली ने अंडर 19 वर्ल्ड कप का खिताब भी भारत के नाम किया था। उन्हें आईपीएल 2008 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने भी अपने साथ जोड़ लिया। इसके बाद 2008 में ही 19 वर्षीय विराट कोहली ने टीम इंडिया के लिए वनडे मैच में डेब्यू किया था।

Tags: किंग कोहली, टी20 वर्ल्ड कप, टीम इंडिया, विराट कोहली,
Exit mobile version