विराट कोहली के बर्थडे सेलिब्रेशन को लेकर रविचंद्रन अश्विन ने किया बड़ा खुलासा, बताया कैसे मनाया टीम ने जश्न

आर्यन जुयाल

टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली आज अपना 34वां जन्मदिन मना रहे हैं। जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच खेलने के लिए विराट कोहली फिलहाल टीम इंडिया के साथ हैं। वहां उनका बर्थडे कैसे मना इसको लेकर इसकी जानकारी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी।

टीम इंडिया ने ऐसे मनाया विराट का जन्मदिन

विराट कोहली के जन्मदिन को लेकर रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि इस बीच अश्विन ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच की पूर्व संध्या पर शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि विराट का बर्थडे केक प्रैक्टिस से पहले ही काटा गया। उन्होंने कहा, ‘टीम ने अभी उनका (विराट) बर्थडे केक काटा है। सभी ने प्रैक्टिस पर आने से पहले मिलकर विराट का जन्मदिन मनाया।’

सेमीफाइनल के लिए एंट्री गेट है ये मैच

टीम इंडिया का जिम्बाब्वे के साथ मैच होना है। भारतीय टीम अब 6 नवंबर यानी रविवार को जिम्बाब्वे से मुकाबला खेलेगी। टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-12 राउंड के ग्रुप-2 का यह मुकाबला भारत के लिए बेहद अहम है। अगर टीम मैच जीत लेती है, तो सेमीफाइनल में एंट्री कर लेगी। मेलबर्न के इसी मैदान पर भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 23 अक्टूबर को हराया था, तब धुरंधर विराट कोहली ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की थी।

ऐसे में भारतीय क्रिकेट प्रेमियों को इस मैदान पर जीत की उम्मीद है। टीम इंडिया फिलहाल ग्रुप में 6 अंकों के साथ टॉप पर है। दक्षिण अफ्रीका दूसरे पायदान पर है, जिसके 5 अंक हैं। टीम इंडिया की ओर से हर मैच में विराट ने शानदार पारी खेली है।

इस मैच में भी सभी फैंस की नजरें विराट पर टिकी रहेंगी। उनके नाम टेस्ट में 27 शतक, 28 अर्धशतकों की बदौलत 8074 रन हैं जबकि वनडे में उन्होंने 43 शतक और 64 अर्धशतक जड़ते हुए 12344 रन बनाए हैं। टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने एक शतक और 36 अर्धशतक लगाए जिसकी बदौलत कुल 3932 रन बनाए हैं।