भारतीय टीम को सीजन से पहले लगा बहुत बड़ा झटका, मेलबर्न टेस्ट का हीरो हुआ महीनों के लिए क्रिकेट से दूर

By Akash Ranjan On June 3rd, 2022
भारतीय टीम को सीजन से पहले लगा बहुत बड़ा झटका, मेलबर्न टेस्ट का हीरो हुआ महीनों के लिए क्रिकेट से दूर

आईपीएल 2022 के खत्म होने के बाद अब भारतीय टीम को एक लंबा चौड़ा क्रिकेट सीजन खेलना है। जहां केएल राहुल (KL Rahul) की कप्तानी वाली टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में भिड़ने वाली है, वहीं रोहित शर्मा (Rohit Sharma) की कप्तानी में भारतीय टीम इंग्लैंड जाएगी। लेकिन इससे पहले ही टीम इंडिया के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल भारतीय टीम का एक स्टार खिलाड़ी 2 महीनों के लिए क्रिकेट से दूर हो गया है।

महीनों क्रिकेट से दूर हुआ ये भारतीय टीम का खिलाड़ी

भारतीय टीम से बाहर चल रहे अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) चोटिल हो गए हैं। रहाणे ने कहा है कि इस साल इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाईट राइडर्स (KKR) की ओर से खेलने के दौरान पैर की मांसपेशियों में लगी चोट से पूरी तरह उबरने में कम से कम छह से आठ हफ्ते का समय लगेगा। रहाणे को केकेआर के 13वें लीग मैच के दौरान चोट लगी थी जिसके बाद वह बाकी बचे टूर्नामेंट से बाहर हो गए। रहाणे ने पीटीआई से कहा,

‘‘यह (चोट लगना) दुर्भाग्यशाली था। लेकिन मेरा रिहैबिलिटेशन अच्छा चल रहा है। मैं अच्छी तरह उबर रहा हूं। मैं लगभग 10 दिन तक बेंगलोर (राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी) में रहा और रिहैबिलिटेशन तथा चोट से उबरने के लिए मैं दोबारा वहां जा रहा हूं। अभी मेरा पूरा ध्यान सिर्फ बेहतर होने पर है। जल्द से जल्द फिट होना और मैदान पर उतरना। मुझे नहीं पता कि मैं कब तक पूरी तरह फिट हो पाऊंगा, इसमें छह से आठ हफ्ते लगने की उम्मीद है लेकिन इस समय मैं एक बार में एक दिन, एक बार में एक हफ्ते पर ध्यान दे रहा हूं।’’

मेलबर्न टेस्ट के बारे में कहा

हाल में संपन्न आईपीएल में केकेआर की ओर से रहाणे सात मैच में सिर्फ 133 रन बना पाए लेकिन उन्होंने इसे अच्छा अनुभव करार दिया। भारत के 2020-21 के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत के दौरान मेलबर्न में मैच विजयी 112 रन की पारी खेलने वाले रहाणे ने इसे ‘विशेष’ पारी करार दिया। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान ने कहा,

‘‘निश्चित तौर पर वह शतक (मेलबर्न में) बेहद विशेष था और मुझे लगता है कि वह विदेशी सरजमीं और टेस्ट क्रिकेट में मेरे सर्वश्रेष्ठ शतक में से एक है। एडीलेड में जो हुआ, 36 रन पर पूरी टीम सिमट गई, टेस्ट मैच गंवा दिया और इसके बाद अलग मानसिकता के साथ मेलबर्न जाना और वहां शतक जड़ना और टेस्ट जीतना अधिक विशेष था। मेरा शतक विशेष था क्योंकि हमने वहां टेस्ट मैच जीता और लय हासिल की। अंतत: हम सीरीज जीतने में सफल रहे।’’

Tags: अजिंक्य रहाणे, भारतीय टीम, मेलबर्न टेस्ट,
Exit mobile version