दसुन शनाका (Dasun Shanaka) की अगुवाई वाली श्रीलंका क्रिकेट टीम ने एशिया कप 2022 (Asia Cup 2022) के सुपर-4 के पहले मुकाबले में अफगानिस्तान (SL vs AFG) को चार विकेट से हरा कर मैच जीत लिया। इस मैच में बाजी मारते हुए श्रीलंकाई टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत में अफ़गान टीम से मिली शर्मनाक हार का बदला भी ले लिया है।
शारजाह क्रिकेट स्टेडियम (Sharjah Cricket Stadium ) में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 176 रन का लक्ष्य दिया था। जिसे श्रीलंका ने 4 विकेट शेष रहते आखिरी ओवर में हासिल कर लिया। इस मैच के बाद दसुन शनाका ने अपनी टीम के प्रदर्शन को लेकर टिप्पणी दी है।
अफगानिस्तान को मात देने के बाद दसुन शनाका का बयान

श्रीलंका की ओर से SL vs AFG मैच में भानुका राजपक्षे (Bhanuka Rajapaksa) ने विस्फोटक बल्लेबाजी कर मैच का रुख पलट दिया था। जब वे क्रीज पर आए तो टीम मुश्किल दौर में थी। ऐसे में उन्होंने महज 14 गेंदों का सामना करते हुए 31 रन बनाए जो कि मुकाबले में निर्णायक साबित हुए। उनके अलावा दनुष्का गुनातिलका और कुसल मेंडिस ने भी लाजवाब बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया है। इस जीत के बाद दसुन का मानना है कि वे किसी भी लक्ष्य का पीछा कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि,
“यह ड्रेसिंग रूम का विश्वास है। एक टीम के तौर पर हमारा मानना है कि हम इस तरह के विकेटों पर किसी भी स्कोर का पीछा कर सकते हैं। पीछा करते समय हमें इस बात का स्पष्ट अंदाजा होता है कि विकेट कैसा व्यवहार करता है। लड़कों ने योजना को बहुत अच्छी तरह से क्रियान्वित किया – फर्नांडो, हसरंगा, थीक्षाना। मेंडिस और पथुम की शुरुआत कैसे हुई, यह देखकर बहुत खुशी हुई और दूसरे बल्लेबाजों ने शानदार तरीके से पीछा किया। “
ऐसा रहा मैच का हाल

श्रीलंका और अफ़ग़ानिस्तान (SL vs AFG) के बीच एशिया कप 2022 (Asia Cup 2022) में सुपर 4 का पहला मुकाबला शारजाह क्रिकेट स्टेडियम (Sharjah Cricket Stadium) में खेला गया। इस मैच में कप्तान दासुन शनाका (Dasun Shanaka) ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। बतौर कप्तान मोहम्मद नबी (Mohammad Nabi ) और दासुन शनाका आमने-सामने थे।
इस मैच (SL vs AFG) में पहले बल्लेबाजी करते हुए, अफ़ग़ानिस्तान की टीम ने रहमानुल्ला गुरबाज़ (Rahmanullah Gurbaz) की अर्धशतकीय और इब्राहिम की दमदार पारी के दम पर 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 175 रन बनाए और श्रीलंका टीम को जीत के लिए 176 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में श्रीलंका की टीम 19वे ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 179 रन बना कर मैच जीत लिया है।