IND vs SL: रोहित शर्मा ने शुभमन गिल के साथ मिलकर रच दिया एक नया इतिहास, मैच में बना डाले एकसाथ कई रिकॉर्ड

By Adeeba Siddiqui On January 11th, 2023
रोहित शर्मा

भारत और श्रीलंका के बीच आज से तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज हुआ है. श्रीलंका के खिलाफ भारत का आज इस सीरीज का पहला मुकाबला था जो गुवाहाटी में खेला गया. मुकाबले में टॉस में बाज़ी मारते हुए श्रीलंका की टीम ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने अपनी पारी की अच्छी शुरुआत की. ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने धाकड़ बल्लेबाजी करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया और मिल कर 143 रनों की कमाल की साझेदारी भी निभाई.

रोहित शुभमन की कमाल की जोड़ी

आज के इस मुकाबले में केएल राहुल की जगह शुभमन गिल पर यकीन दिखाते हुए कप्तान रोहित शर्मा ने उन्हें प्लेइंग इलेवन में हिस्सा बनाया और अपना जोड़ीदार बनाते हुए ओपनिंग करने के लिए चुना. दोनो ने बतौर खिलाड़ी अपना अपना भी बेहतरीन प्रदर्शन दिखाया और साथ ही मिल कर जबरदस्त शतकीय साझेदारी भी निभाते दिखे.

दोनो ने मिल कर श्रीलंका के गेंदबाजों को नाकों चने चबवा दिए. इस धमाकेदार पारी के साथ रोहित शर्मा ने अपने नाम एक नया रिकॉर्ड बनाया है. रोहित शर्मा की ये शतकीय साझेदारी उनके करियर की बतौर ओपनर 27वीं शतकीय साझेदारी रही. इस दौरान उनके साथ अलग अलग बल्लेबाजों ने ओपनिंग साझेदारी निभाई है.

अलग अलग बल्लेबाजों के साथ निभाई है साझेदारी

भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने आज श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे मैच में शुभमन गिल के साथ मिल कर 143 रनों की शतकीय साझेदारी निभाई है. उनकी ये साझेदारी उनके इंटरनेशनल करियर की 27वीं शतकीय साझेदारी रही. उन्होंने अब तक 18 बार शतकीय साझेदारी शिखर धवन के साथ निभाई है. तो वहीं 5 बार केएल राहुल के साथ की है.

अजिंक्य रहाणे के साथ 3 बार और युवा खिलाड़ी शुभमन गिल के साथ 1 बार शतकीय साझेदारी निभाते नजर आए हैं. आज के इस मुकाबले में रोहित शर्मा ने 67 गेंदों का सामना करते हुए 83 रन जड़े, जिसमें उनके द्वारा जड़े गए 9 चौके और 3 छक्के देखने मिले हैं. रोहित शर्मा ने इसके साथ ही एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया है. उन्होंने 149 वनडे मैच में अर्धशतक या उससे अधिक रनों की पारी खेली है.

Tags: रोहित शर्मा, शुभमन गिल,