PAK vs HK: करो या मरो मैच में पाकिस्तान ने हांगकांग को 155 रनो से रौंदा, इस रविवार अब दोबारा भारत-पाक महामुकाबला हुआ कन्फर्म

एशिया कप 2022 (Asia Cup 2022) में सुपर-4 में एंट्री पाने के लिए आज यानी 2 सितंबर को पाकिस्तान और हांग-कांग क्रिकेट टीम के बीच शारजाह (Sharjah Cricket Stadium) में मैच खेला गया। इस करो या मरो मुकाबले में हांगकांग ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हांगकांग को जीत के लिए 194 रनों का लक्ष्य दिया है।
जिसके जवाब में हांगकांग की टीम 10.4 ओवर में 38 रन पर ढ़ेर हो गई, और पाकिस्तान ने 155 रनो से मैच जीत लिया। इसी जीत के साथ अब एशिया कप में इस रविवार दोबारा भारत पाकिस्तान का महामुकाबला कन्फर्म हो गया।
पाकिस्तान की पारी, रिज़वान-जमान का अर्धशतक

पाकिस्तान की तरफ से हांगकांग के खिलाफ मोहम्मद रिज़वान (Rizwan) और फखर जमान (Fakhar Zaman) ने अर्धशतक जमाया। फखर जमान ने इस मैच में 38 गेंदों में अपना अर्धशतक जमाया। उन्होंने 41 गेंदों का सामना किया और 3 चौके-2 छक्के की मदद से 53 रन बनाकर एहसान खान का शिकार बने जबकि रिज़वान ने 42 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
रिज़वान ने इस मैच में 57 गेंदों का सामना किया और 6 चौके-1 छक्का की मदद से 78 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि ख़ुशदिल शाह 15 गेंदों में 5 छक्के की मदद से 35 रन बनाकर नाबाद रहे।
पाकिस्तान और हांगकांग के बीच (PAK vs HK) खेले गए इस मैच में पाक टीम को पहला झटका कप्तान बाबर आज़म (Babar Azam) के रूप में लगा जो 8 गेंदों में 1 चौके की मदद से मात्र 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे। बाबर हांगकांग के गेंदबाज एहसान खान के हाथ में ही शॉट मार बैठे और पवेलियन लौट गए।
हांगकांग की टीम 38 रनो पर ढेर

पाकिस्तान को पहली सफलता तीसरे ओवर में नसीम शाह (Naseem Shah) ने दिलाई। उन्होंने हॉन्गकॉन्ग के कप्तान निजाकत खान (Nizakat Khan) को आसिफ अली के हाथों कैच कराया। निजाकत ने 13 गेंद पर आठ रन बनाए। पहली गेंद पर निजाकत को आउट करने के बाद नसीम ने उसी ओवर की पांचवीं गेंद पर बाबर हयात (Babar Hayat) को क्लीन बोल्ड कर दिया।
बाबर चार गेंदों का सामना करने के बावजूद खाता नहीं खोल पाए। हॉन्गकॉन्ग को तीसरा झटका शाहनवाज दहानी (Shahnawaz Dahani) ने दिया। उन्होंने पांचवें ओवर की पांचवीं गेंद पर यासिम मुर्तजा को आउट किया। मुर्तजा ने सात गेंद पर दो रन बनाए। खुशदिल शाह ने आगे की ओर डाइव लगाकर उनका शानदार कैच लिया। मुर्तजा के आउट होने के बाद एजाज खान क्रीज पर आए।
हॉन्गकॉन्ग की खराब बल्लेबाजी, पाक ने 155 रनो से जीता मैच

हॉन्गकॉन्ग टीम ने सात ओवर में सिर्फ 29 रन बनाए। टीम को चौथा झटका शादाब खान (Shadab Khan) ने दिया। उन्होंने सातवें ओवर की दूसरी गेंद पर एजाज खान को आउट किया। एजाज छह गेंद पर एक रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए। पाकिस्तान को मैच में पांचवीं सफलता मोहम्मद नवाज ने दिलाई। उन्होंने किनचित शाह को एलबीडब्ल्यू कर दिया।
किनचित ने आठवें ओवर की तीसरी गेंद पर अपना विकेट गंवा दिया। उन्होंने 10 गेंद पर छह रन बनाए। नवाज ने इसी ओवर में टीम को छठी सफलता दिलाई। उन्होंने पांचवीं गेंद पर स्कॉट मैककेनी को क्लीन बोल्ड कर दिया। मैककेनी ने छह गेंद पर चार रन बनाए। शादाब खान ने नौवें ओवर की आखिरी गेंद पर हारून अरशद को आउट किया।
हारून तीन गेंद पर चार बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए। उनके बाद अगले ओवर की पहली गेंद पर मोहम्मद नवाज ने जीशान अली को आउट कर दिया। जीशान पांच गेंद पर तीन रन बनाकर इफ्तिखार अहमद को कैच थमा बैठे। 37 रन परर हॉन्गकॉन्ग के आठ विकेट गिर गए। इसके बाद हॉन्गकॉन्ग टीम 38 रनो पर ऑल आउट हो गई और पाकिस्तान ने 155 रनो से मैच जीत लिया।
Tags: एशिया कप 2022, पाकिस्तान और हांग-कांग,