लीजेंड्स क्रिकेट लीग (Legends League Cricket) के दूसरे सीजन में विश्व क्रिकेट के कई पूर्व दिग्गज भी खेलते नजर आएंगे। इसी बीच एलएलसी के आयोजकों ने शुक्रवार को इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल (Chris Gayle) लीजेंड्स लीग क्रिकेट के आगामी दूसरे संस्करण में खेलते हुए नजर आएंगे।
टी20 फॉर्मेट में क्रिस गेल को खतरनाक बल्लेबाजों में से एक माना जाता है। इस फॉर्मेट में उनके नाम अनगिनत रिकॉर्ड दर्ज हैं। उन्हें एक बार फिर क्रिकेट मैदान पर खेलते देख फैंस बेहद खुश होने वाले हैं।
लीजेंड्स लीग क्रिकेट में खेलेंगे क्रिस गेल
पूरी दुनिया में यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर क्रिस गेल (Chris Gayle) लीजेंड्स लीग क्रिकेट (Legends League Cricket) में खेलने वाले हैं इसकी पुष्टि खुद बल्लेबाज ने भी की है। लीग में खेलने की खबर को खुद कंफर्म करते हुए क्रिस गेल ने कहा है कि यह बहुत खुशी कि बात है कि मुझे लीजेंड्स लीग में खेलने का मौका मिल रहा है।
यह बहुत प्रिस्टीजियस लीग है और क्रिकेट के महान खिलाड़ी इसमें खेलते हैं। मैं बहुत उत्साहित हूँ। उनके अलावा लीजेंड्स लीग क्रिकेट के सीईओ रमन रहेजा ने कहा कि आज क्रिस गेल के आने से लीजेंड्स लीग और बड़ी हो गई है। मशहूर पूर्व क्रिकेटरों के साथ यह सीजन इस बार और शानदार होने वाला है।
क्रिस गेल के नाम दर्ज हैं ये रिकॉर्ड
अगर क्रिस गेल (Chris Gayle) के रिकॉर्ड्स के बारे में बात करें तो टी20 के महारथी क्रिस गेल के नाम सबसे ज्यादा शतक,सबसे तेज शतक, सबसे ज्यादा चौके छक्के और 10000 से अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। इनके अलावा वह अपने पूरे करियर में दो बार 300 से अधिक बनाने वाले चौथे खिलाड़ी भी हैं।
क्रिस गेल ने वेस्टइंडीज के लिए 103 टेस्ट मैचों में 7,000 से अधिक रन बनाए हैं, जिसमें 15 शतकीय पारियां शामिल हैं। इसके साथ ही गाले में श्रीलंका के खिलाफ उनका सर्वोच्च स्कोर 333 रन है। क्रिस गेल टेस्ट क्रिकेट में 2 तिहरे शतक लगाने वाले विश्व क्रिकेट के चौथे खिलाड़ी हैं।
क्रिस गेल के अलावा ये दिग्गज खिलाड़ी भी होंगे इस सीजन टूर्नामेंट का हिस्सा
क्रिस गेल (Chris Gayle) के अलावा इस सीजन कई और क्रिकेट दिग्गज टूर्नामेंट का हिस्सा हैं। टूर्नामेंट में 50 से ज्यादा क्रिकेटरों के भाग लेने की खबर भी सामने आई है। वीरेंद्र सहवाग, डेल स्टेन, इयोन मोर्गन, सौरव गांगुली जैसे खिलाड़ी इस सीजन लीग का हिस्सा होंगे।
हाल ही में एलएलसी ने घोषणा की कि आगामी सीजन की मेजबानी भारत में की जाएगी। ऐसे में भारतीय फैंस एक बार अपने पसंदीदा दिग्गजों को खेलते हुए देख सकेंगे। वहीं, क्रिस को एक बार फिर से भारत में टी20 लीग खेलते देख फैंस काफी खुश होने वाले हैं।
