आईपीएल के पहले सीजन की चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) शुरुआत से ही सबसे लो प्रोफाइल टीमों में से रही हैं। दिवंगत शेन वॉर्न (Shane Warne) की कप्तानी में इस टीम के पास आईपीएल की पहली विजेता टीम बनने का तमगा तो जरूर है। लेकिन इसके बावजूद हाई प्रोफाइल पॉपुलर फ्रेंचाइजी में राजस्थान रॉयल्स का कभी नाम नहीं आता है।
आईपीएल 2022 के इस मौजूदा सीजन में एक बार फिर से यह टीम चैंपियन बनने से महज एक कदम दूर है। इसी बीच राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन (Sanju Samson) की पत्नी ने आईपीएल ब्रॉडकास्टरों पर एक कार्टून के चलते निशाना साधते हुए एक स्टोरी शेयर की है।
संजू सैमसन की पत्नी ने आड़े हांथो लिया ब्रॉडकास्टर को

आईपीएल 2022 सीजन की शुरुआत से ठीक पहले टूर्नामेंट के ब्रॉडकास्टर ने फाइनल की रेस को लेकर एक एनिमेटड वीडियो बनाया था। जिसमें सबसे आगे मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को रखा गया था। इन दोनों टीमों के पीछे बाकि सभी टीमों को रखा गया था। लेकिन हैरत की बात है कि इस रेस में संजू सैमसन (Sanju Samson) और राजस्थान रॉयल्स की पिंक जर्सी कही भी दिखाई नहीं दी। इसी को लेकर संजू की पत्नी चारुलता ने तंज कसते हुए इस वीडियो का स्क्रीनशॉट शेयर किया और कैप्शन में लिखा कि,
“आईपीएल के पहले दिन आईपीएल 2022 की दौड़ दिखाते हुए इस एनिमेटेड वीडियो को देखा। और आश्चर्य हुआ कि कोई गुलाबी जर्सी (राजस्थान रॉयल्स) क्यों नहीं थी। “
इसकी अगली स्टोरी में चारुलता ने राजस्थान रॉयल्स की फाइनल में पहुंचने की तस्वीर साझा करते हुए लिखा “और फाइनल! आभारी (हूं)”
संजू सैमसन जीता सकते है फाइनल मुकाबला

मालूम हो कि राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल के फाइनल में दूसरी बार एंट्री मारी है। इससे पहले साल 2008 में आईपीएल के डेब्यू सीजन में रॉयल्स चेन्नई सुपर किंग्स को मात देकर चैंपियन बनी थी। अब 29 मई की रात को गुजरात टाइटंस के सामने राजस्थान दूसरा फाइनल मुकाबला खेलने वाली है।
इस साल के लीग स्टेज के दौरान संजू सैमसन की अगुवाई वाली राजस्थान 14 में 9 मैच जीतकर दूसरे स्थान पर थी। इसके बाद क्वालीफायर-1 में इस टीम को गुजरात से हार मिली थी। लेकिन क्वालीफायर-2 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को मात देकर राजस्थान रॉयल्स ने फाइनल में जगह बनाई है।

