India vs Leicestershire: फॉर्म में लौटे ऋषभ पंत ने तूफानी अंदाज में बनाया अर्धशतक, आलोचकों की हुई बोलती बंद

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) इंग्लैंड पहुंचने के बाद फॉर्म में लौटे हैं और शुक्रवार को लीस्टरशायर (Leicestershire) के लिए खेलते हुए उन्होंने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की। भारत के खिलाफ इस प्रैक्टिस मैच में लीस्टरशायर की तरफ से खेलते हुए पंत ने अर्धशतक जड़ा और 76 रनों की धुआंधार पारी खेली। उनके इस अर्धशतकीय प्रहार के चलते लीस्टरशायर मैच में वापसी करने में सफल रहा। पंत ने हाल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में कप्तानी संभाली थी। वह हालांकि बल्ले से संघर्ष करते नजर आए थे।
लीसेस्टर में खेले जा रहे प्रैक्टिस मैच में ऋषभ पंत (Rishabh Pant) 5वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। पंत जब बैटिंग करने आए तो उस समय टीम 71 रन पर 4 विकेट खो चुकी थी। ऐसे में लीस्टरशायर को पंत से जोरदार पारी की उम्मीद थी, जिस पर वह खरे उतरे। पंत ने आक्रामक रुख अपनाते हुए टीम इंडिया (Team India) के गेंदबाजों की जमकर खबर ली।
ऋषभ पंत ने 71 गेंदों पर जड़ा अर्धशतक
ऋषभ पंत (Team India) अभ्यास मैच (Warm Up) में टीम इंडिया (Team India) के खिलाफ 71 गेंदों पर अर्धशतक लगाने में सफल रहे। पंत 87 गेंदों पर 76 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 14 चौके और 1 छक्का लगाया। इस दौरान उन्होंने तेज गेंदबाजों खासकर मोहम्मद शमी (Shami), मोहम्मद सिराज (Siraj) और उमेश यादव (Umesh Yadav) की गेंदों पर बढ़िया शॉट भी लगाए। पंत को आखिरकार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने पवेलियन भेजा।
आउट ऑफ फॉर्म थे पंत
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में ऋषभ पंत कुछ खास नही कर पाए थे। पूरी सीरीज में वह आउट ऑफ फॉर्म रहे। 5 मैचों की टी20 सीरीज में वह सिर्फ 58 रन बना पाए थे। इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 29 रन रहा। इतना ही नहीं आईपीएल-2022 में भी ऋषभ पंत बेरंग दिखे। दिल्ली कैपिटल्स (DC) की कप्तानी करते हुए वह 14 मैचों में महज 340 रन बना पाए। लीग के 15वें सीजन में उनका बेस्ट स्कोर 44 रन रहा। लेकिन इंग्लैंड पहुंचने के बाद पंत ने अभ्यास मैच में जिस अंदाज में बैटिंग की है वह भारत के लिए अच्छा संकेत है।
Tags: India vs Leicestershire, ऋषभ पंत,