जिम्बाब्वे और भारत (IND vs ZIM) के बीच खेले गए पहले वनडे मैच में टीम इंडिया (Team India) के स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) को अंपायर की नाइंसाफी का खामियाजा भुगतना पड़ा। जिम्बाब्वे दौरे पर गई भारतीय क्रिकेट टीम आज यानि 18 अगस्त से 3 मैचों की एकदिवसीय शृंखला की शुरुआत कर दी है।
दोनों ही टीमें हरारे स्पोर्ट्स क्लब (Harare Sports Club) में पहला मैच खेलनी उतरी थी। भारतीय गेंदबाजों ने मेजबान टीम के बल्लेबाजों को नाको चने चबवा दिए। लेकिन इस दौरान स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) के साथ थर्ड अंपायर ने खेल खेल दिया।
कुलदीप की गेंद पर मैदानी अंपायर ने दिया आउट

दरअसल, जिम्बाब्वे की पारी के 20 ओवर में कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) अपने कोटे का चौथा ओवर लेकर आए थे। भारतीय तेज गेंदबाजों ने मेजबान टीम की बल्लेबाजी की धज्जियां उड़ाकर रख दी थी। लेकिन कुलदीप 3 ओवर गेंदबाजी करने के बाद भी अपनी पहली विकेट की ताड़ में थे। 20वें ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने बल्लेबाज को चकमा देते हुए लगभग अपने विकेट के खाते में इजाफा कर दिया था, लेकिन थर्ड अंपायर ने स्पिनर की सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
थर्ड अंपायर का विवादित फैसला

इस मौके पर विरोधी टीम के कप्तान रेजिस चकाब्वा क्रीज पर मौजूद थे। चाइनामैन गेंदबाज (Kuldeep Yadav) ने ऑफ मिडल स्टंप पर टप्पा पकड़कर गेंद डाली। जो कि चकाब्वा के बल्ले से आंख मिचोली करते हुए उनके पैड पर जा लगी। टीम इंडिया की अपील पर ऑन फील्ड अंपायर ने भी आउट का इशारा किया। बल्लेबाज ने रिव्यू लिया और थर्ड अंपायर ने फैसला पलट दिया।
लेकिन थर्ड अंपायर के द्वारा फैसला पलटने पर सवाल खड़े किये जा रहे हैं। क्योंकि उन्होंने अल्ट्राएज की बिनाह पर नॉट-आउट करार दिया था। लेकिन रिव्यू को बार-बार देखने पर पता चला कि अल्ट्राएज पर हरकत गेंद और बल्ले के बीच दरमियां फासले के बावजूद दिखाई दे रही है।
शिखर धवन और शुभमन गिल ने टीम इंडिया को दिलाई आसान जीत

गेंदबाजों के द्वारा शानदार प्रदर्शन के बाद अब बारी भारतीय टीम के बल्लेबाजों की थी, 190 रनों का लक्ष्य अमूमन वनडे क्रिकेट में ज्यादा चुनौतीपूर्ण साबित नहीं होता है। लेकिन शुरुआती ओवर में गेंद की हरकत को संभालना मुश्किल हो सकता था। लेकिन सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (81)और शुभमन गिल (85) को बल्लेबाजी में किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा।
हालांकि दोनों ने ही पहली कुछ गेंदों में पिच का किरदार भापने के लिए तेजी से रन बनाने की चेष्ठा नहीं की। लेकिन आंखे जमाने के बाद गेंदबाजों को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया। आलम ये रहा कि टीम इंडिया ने 30.5 ओवर में ही बिना कोई विकेट गंवाए 190 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही मेहमान टीम इंडिया ने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
