IND vs ZIM: केएल राहुल ने शानदार 10 विकेटो की जीत के लिए इन 3 खिलाड़ियो को दिया श्रेय, अपनी वापसी को लेकर बोले

केएल राहुल (KL Rahul) की अगुवाई वाली भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को उन्हीं की सरजमीं पर 10 विकेटों से करारी हार थमाई है। वहीं इंटरनेशनल क्रिकेट में बतौर कप्तान राहुल की ये पहली जीत है। एक समूह के रूप में भारत ने मेजबान जिम्बाब्वे को मुकाबले में पूरी तरह पछाड़ कर रखा, गेंदबाजी हो या बल्लेबाजी एक भी मौके पर टीम इंडिया (Team India) ने विरोधी को खुद पर हावी नहीं होने दिया। इस शानदार प्रदर्शन के बाद केएल राहुल (KL Rahul) ने मुकाबले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया साझा की है।
पहले वनडे में जीत के बाद बोले केएल राहुल

बता दें केएल राहुल (Kl Rahul) ने लंबे समय के बाद क्रिकेट के मैदान पर वापसी की है, जहां आईपीएल (IPL) 2022 के बाद से उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ खेले गए पहले मैच के जरिए टीम में वापसी की। इस कड़ी पर केएल ने कहा कि खेल से दूर रहना काफी मुश्किकल होता है। उन्होंने साथ ही कहा,
“हम काफी क्रिकेट खेलते हैं और चोटें इसका हिस्सा हमेशा ही रहेंगी। काफी समय से मैदान से दूर रहना वाकई मेरे लिए बेहद मुश्किल रहा। इस कठिन समय में हमने बैंगलोर में (मैं, कुलदीप और दीपक) ने साथ मिलकर काम किया।”

बता दें टीम इंडिया की तरफ से गेंदबाजी करते हुए दीपक चाहर (Deepak Chahar) ने 7 ओवर में ही तीन विकेट हासिल कर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इस बीच केएल भी उनके और भारतीय गेंदबाजों के प्रदर्शन से खुश नजर आए और उन्होंने कहा कि,
“थोड़ी सी स्विंग और सीम मूवमेंट भी थी, लेकिन गेंदबाजों को अनुशासित रहते हुए और उन विकेटों को उठाते हुए देखकर अच्छा लगा। हम में से कुछ के लिए भारतीय ड्रेसिंग रूम में वापस आना बहुत अच्छा है। एक टीम के रूप में हम अच्छी फॉर्म में हैं, ये देखकर अच्छा लगा कि हम सभी को खेल का पर्याप्त समय मिल रहा है। वहां बाहर होना अच्छा लगता है।”
शिखर धवन और शुभमन गिल ने टीम इंडिया को दिलाई आसान जीत

गेंदबाजों के द्वारा शानदार प्रदर्शन के बाद अब बारी भारतीय टीम के बल्लेबाजों की थी, 190 रनों का लक्ष्य अमूमन वनडे क्रिकेट में ज्यादा चुनौतीपूर्ण साबित नहीं होता है। लेकिन शुरुआती ओवर में गेंद की हरकत को संभालना मुश्किल हो सकता था। लेकिन सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (81)और शुभमन गिल (85) को बल्लेबाजी में किसी भी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ा।
हालांकि दोनों ने ही पहली कुछ गेंदों में पिच का किरदार भापने के लिए तेजी से रन बनाने की चेष्ठा नहीं की। लेकिन आंखे जमाने के बाद गेंदबाजों को आड़े हाथों लेना शुरू कर दिया। आलम ये रहा कि टीम इंडिया ने 30.5 ओवर में ही बिना कोई विकेट गंवाए 190 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही मेहमान टीम इंडिया ने 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
Tags: केएल राहुल, टीम इंडिया,