IND vs ZIM: दीपक चाहर ने अपने कमबैक मैच में ही जीता प्लेयर ऑफ़ द मैच का ख़िताब, 6 महीने की वापसी पर बोले- ‘शरीर और दिमाग एक साथ…’

By Akash Ranjan On August 18th, 2022

भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज दीपक चाहर (Deepak Chahar) को जिम्बाब्वे बनाम भारत 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया है। 6 महीने से भी ज्यादा लंबे समय तक क्रिकेट के मैदान से दूर रहे इस खिलाड़ी ने अपनी वापसी से इंटरनेशनल क्रिकेट में धमक पैदा कर दी है। जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने अपने कोटे के 7 ओवर में महज 27 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके हैं। मैन ऑफ द मैच बनने के बाद उन्होंने अपनर प्रदर्शन को लेकर प्रतिक्रिया भी दी है।

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बनने के बाद दीपक चाहर ने दिया ये बयान

दीपक चाहर (Deepak Chahar) को हमेशा से ही नई गेंद से विकेट निकालने में माहिर माना जाता है। जिम्बाब्वे के खिलाफ भी उन्होंने यही कारनामा कर दिखाया था। भारतीय कप्तान के द्वारा टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी का फैसला किया गया। जिसे सही साबित करने में दीपक चाहर (Deepak Chahar) ने कोई कसर नहीं छोड़ी।

पहले 6 ओवर के बाद टीम इंडिया को पहला विकेट दिलाने की तलाश दीपक चाहर ने खत्म की, उन्होंने 7वें ओवर की चौथी गेंद पर मैच का रुख पलट कर रख दिया। उन्होंने इस मौके पर सबसे पहले काय, फिर अपने अगले ही ओवर में तदीवानशे मरुमानी और फिर वेसले मधवेरे को चलता कर दिया। अपने प्रदर्शन के बारे में मैच के बाद बात करते हुए दीपक ने कहा,

“मुझे अपने पैर को लैंड कराने में दिक्कत पेश आ रही थी जब आप साढ़े छह महीने के बाद कोई अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेंगे तो जाहिर तौर पर आप थोड़े नर्वस होंगे। यहां आने से पहले मैंने कम से कम 4-5 अभ्यास मैच खेले। पहले कुछ ओवरों में शरीर और दिमाग एक साथ काम नहीं कर रहे थे, लेकिन उसके बाद यह बेहतर हो गया। मैं ठीक हूं और शरीर भी ठीक है।”

दीपक चाहर ने पहले वनडे में हासिल की 3 सफलता

दरअसल जिम्बाब्वे और भारत के बीच खेले गए पहले वनडे मैच में टीम इंडिया के तेज गेंदबाज दीपक चाहर (Deepak Chahar) पर सभी की निगाहें थी, जिन्होंने 6 महीने बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की। बता दें कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी तो ऐसा लगा की दीपक को बस इसी का इंतजार था।

टीम इंडिया की तरफ से उन्होंने गेंदबाजी जैसे ही शुरू की तो वो अपने पुराने रंग में नजर आए और भारत को पहली सफलता इनोसेंट काइया के रूप में दिलाई। उसके बाद चाहर ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और 11 ओवर के अंदर जिम्बाब्वे के टॉप ऑर्डर को पूरी तरह से धराशायी कर दिया। उन्होंने 3.90 की इकोनॉमी से गेंदबाजी करते हुए 7 ओवर में 27 रन देकर 3 विकेट झटके और हर किसी को प्रभावित किया।

Tags: जिम्बाब्वे, दीपक चाहर, प्लेयर ऑफ़ द मैच,
Exit mobile version