IND vs SA: युजवेंद्र चहल के खराब प्रदर्शन के कारण लगातार दूसरा मैच हारी भारतीय टीम, क्लासेन बने साउथ अफ्रीका के हीरो

साउथ अफ्रीका ने 4 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में बनाई 2-0 की बढ़त

भारत बनाम साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा मैच (India vs South Africa) कटक के बाराबती स्टेडियम (Barabati Stadium Cuttack) में खेला गया। टीम इंडिया पहला मैच हारकर सीरीज में 0-1 से पिछड़ी हुई है। दूसरे टी20 में साउथ अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा (Temba Bavuma) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी टीम इंडिया ने 20 ओवर में 6 विकेट खो कर 148 रन बनाए थे। ज़वाब में साउथ अफ्रीका की टीम ने 19 वें ओवर में 6 विकेट पर 149 रन बना कर इस सीरीज की लगातार दूसरी जीत दर्ज़ की।

साउथ अफ्रीका ने भारत को हराया

साउथ अफ्रीका ने कटक के बाराबती स्टेडियम (Barabati Stadium Cuttack) में खेले गए दूसरे टी-20 में भी भारत को चार विकेट से हरा दिया है। इस जीत के साथ साउथ अफ्रीकी टीम ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। टीम इंडिया ने टी-20 में लगातार 12 मैच जीतने के बाद अब लगातार दो मुकाबले गंवा दिए हैं। टीम इंडिया की बल्लेबाजी फ्लॉप रही। वहीं, गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) को छोड़कर बाकी सभी गेंदबाज फिसड्डी साबित हुए।

हेनरिक क्लासेन ने जड़ा अर्धशतक

भारत और साउथ अफ्रीका (IND vs SA) के बीच खेले जा रहे दूसरे टी20 मैच में हेनरिक क्लासेन (Heinrich Klaasen) ने शानदार अर्धशतक जमाया। उन्होंने 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह उनके करियर का चौथा और भारत के खिलाफ दूसरा अर्धशतक था। उन्होंने 46 गेंदों का सामना किया और 5 छक्के और 7 चौके की मदद से 81 रन बनाकर आउट हुए। हर्षल पटेल ने उनका विकेट लिया।

भारत ने साउथ अफ्रीका को दिया था 149 रन का लक्ष्य

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम (Team India) की शुरुआत खराब रही। ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) एक बार फिर फेल रहे और एक रन बनाकर आउट हुए। पिछले मैच में ऋतुराज 23 रन बना सके थे। इसके बाद ईशान किशन (Ishan Kishan) और श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) ने दूसरे विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी निभाई। इस दौरान ईशान ने कुछ बेहतरीन शॉट्स लगाए।

ईशान के रूप में टीम इंडिया को दूसरा झटका लगा। वे 21 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और तीन छक्के लगाए। कप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) और उपकप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) मैच में फेल रहे। पंत सात गेंदों में पांच रन और हार्दिक 12 गेंदों में नौ रन बनाकर आउट हुए। पंत को केशव महाराज ने और हार्दिक को पार्नेल ने पवेलियन भेजा।

श्रेयस अय्यर ने अच्छी पारी खेली। हालांकि, वह अर्धशतक से चूक गए। श्रेयस 35 गेंदों पर दो चौके और दो छक्के की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए। अक्षर पटेल (Axar Patel) 10 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) और हर्षल पटेल (Harshal Patel) ने सातवें विकेट के लिए 18 गेंदों पर 36 रन की नाबाद साझेदारी की। कार्तिक 21 गेंदों पर 30 रन और हर्षल 9 गेंदों पर 12 रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह पहले बल्लेबाजी करते हुए टीम इंडिया (Team India) ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 148 रन बनाए।