भारत और आयरलैंड (IND vs IRE) के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा और फाइनल मैच आज डबलिन के कैसल एवेन्यू (Castle Avenue) क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। जहाँ भारतीय कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 225 रन बनाए। ज़वाब में आयरलैंड की टीम ने ज़बरदस्त दम दिखाया लेकिन अंत में जीत दर्ज़ करने में नाकाम रही।
और 20 ओवर में 5 विकेट खो कर 221 रन ही बना सकी जिससे भारत ने मात्र 4 रनो से मैच जीत लिया। इस जीत के बाद भारत ने आयरलैंड की धरती पर इस टी 20 सीरीज को अपने नाम कर लिया है। दीपक हुड्डा (Deepak Hooda) की शानदार बल्लेबाज़ी की वज़ह से उनको प्लेयर ऑफ़ द मैच के साथ प्लेयर ऑफ़ द सीरीज का भी ख़िताब दिया गया।
प्लेयर ऑफ़ द मैच और सीरीज बने दीपक हुड्डा
आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में दीपक हुड्डा (Deepak Hooda) शानदार फॉर्म में दिखे। आईपीएल (IPL) 2022 का अपना फॉर्म जारी रखते हुए उन्होंने पहले मैच में नाबाद 47 रनों की मैच विनिंग पारी खेलने के बाद उन्होंने दूसरे मैच में भी लय बरकरार रखते हुए 104 रनों की पारी खेली है। इसके साथ ही दीपक हुड्डा इस शतक के सात टी20 इंटरनेशनल मैचों में टीम इंडिया (Team India) की ओर से शतक जड़ने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं।
उनके अलावा मौजूदा समय में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma), केएल राहुल (KL Rahul) और पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना (Suresh Raina) ने भारतीय टीम का हिस्सा होते हुए शतक जमाया है। इसमें से सबसे ज्यादा 100 रनों की पारी 4 बार रोहित शर्मा ने खेली है, केएल राहुल ने 2 बार सैंकड़ा जमाया है और सुरेश रैना 1 बार शतक लगाने में कामयाब हुए थे।
प्लेयर ऑफ़ द मैच और सीरीज जीतने के बाद क्या बोले दीपक हुड्डा?
प्लेयर ऑफ़ द मैच के साथ प्लेयर ऑफ़ द सीरीज का भी ख़िताब जीतने के बाद दीपक हुड्डा (Deepak Hooda) ने बताया कि उनका मकसद बस आईपीएल के अपने फॉर्म को बनाये रखना था और इसमें वो क़ामयाब भी रहे। ऊपरी क्रम में बल्लेबाज़ी करने के मौके उनके ज़्यादा मिल रहे है जिस वज़ह से उनको बल्लेबाज़ी करने का ज़्यादा समय मिल रहा है। मैच के बाद दीपक हुड्डा ने कहा कि,
“ईमानदारी से कहूं तो मैं एक अच्छे आईपीएल से आ रहा था और उसी प्रदर्शन और फ़ॉर्म को यहां भी दोहराया। मैं ख़ुश हूं और मुझे इसी तरह से आक्रामक होकर खेलना पसंद है। इन दिनों मैं ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी कर रहा हूं, इसलिए मुझे बल्लेबाज़ी के लिए कुछ समय मिल रहा है।”
आगे दीपक हुड्डा ने कहा कि,
“संजू मेरा बचपन का दोस्त है, उसके साथ बल्लेबाज़ी करना हमेशा अच्छा रहता है। प्रशंसकों के लिए धन्यवाद, जिस तरह से वे आए और हमारा समर्थन किया।”
