आईपीएल 2022 (IPL) के 15वें सीजन के 59वें मुकाबले में 12 मई को महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) और रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के बीच खेला जाने वाला है। दोनों टीमों के बीच यह मुक़ाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। इस सीजन में ये दोनों टीमें दूसरी बार एक दूसरे के ख़िलाफ़ भिड़ती नजर आएगी। इससे पहले जब मैदान पर ये दोनों टीमें आमने सामने थी तब चेन्नई ने मुंबई को 3 विकेट से मात दी थी।
चेन्नई और मुंबई का अभी तक का प्रदर्शन
चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और उसकी कड़ी प्रतिद्वंद्वी मुंबई इंडियन्स (MI) दोनों के लिए यह सीजन किसी बुरे सपने की तरह बीता और दोनों ही टीमें इसे शायद कभी याद नहीं करना चाहेंगी। दोनों टीमें शुरुआत से ही फीकी नजर आईं और अब जब लीग स्टेज अपने अंतिम पड़ाव पर है, तो भी दोनों टीमें अंकतालिका में सबसे निचले दो पायदान पर हैं।
लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि अब सीजन के बाकी बचे अपने मैच में जब वह मैदान पर उतरेंगी तो उनमें जीतने का जुनून कम होगा। प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) गुरुवार को चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) के सामने जब उतरेगी, तो उसका इरादा जीत के साथ चेन्नई को अपनी लिस्ट (प्लेऑफ से बाहर होने वाली टीम) में शामिल करने का होगा।
चेन्नई सुपर किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस कौन है भारी
दोनों के बीच अभी तक 35 मुकाबले खेले गए हैं। मुंबई ने 20 बार और चेन्नई ने 15 बार बाजी मारी है। बतौर कप्तान ये मैच रोहित शर्मा और एमएस धोनी के बीच होगा। इस सीजन जब पिछली बार दोनों टीमें भिड़ी तब चेन्नई सुपर किंग्स ने मुकाबला 3 विकेट से जीता था। उस मैच में मुकेश चौधरी ने शानदार गेंदबाजी की थी और मुंबई के टॉप आर्डर को धराशाई किया था। चौधरी ने 3 ओवरों में 19 रन देकर 3 विकेट लिए थे।
मैच के दौरान कैसा रहेगा मौसम?
Weather.com के अनुसार, 12 मई (गुरुवार) को मुंबई शहर का तापमान दिन के दौरान लगभग 33 डिग्री सेल्सियस और रात में 29 डिग्री सेल्सियस तक गिर जाएगा। दिन में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे लेकिन रात में आसमान साफ रहेगा। बारिश की संभावना सिर्फ दोपहर में 5% और रात में 10% है। दिन में ह्यूमिडिटी यानी उमस करीब 67 फीसदी और रात में बढ़कर 74 फीसदी हो जाएगी। बारिश की वजह से मैच के बाधित होने का कोई अनुमान नहीं है।
