AUS vs NZ: विराट कोहली के बाद अब स्टीव स्मिथ के लौटे अच्छे दिन, 546 दिन बाद सेंचुरी जड़ खत्म किया शतकों का सूखा

By Akash Ranjan On September 12th, 2022
AUS vs NZ: विराट कोहली के बाद अब स्टीव स्मिथ के लौटे अच्छे दिन, 546 दिन बाद सेंचुरी जड़ खत्म किया शतकों का सूखा

ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का तीसरा और अंतिम मुकाबला आज केर्न्स में खेला गया। ऑस्ट्रेलिया ने इस मुकाबले में पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट पर 267 रन का स्कोर बनाया। वहीं इस मैच में दिलचस्प बात यह रही कि ऑस्ट्रेलियाई टीम के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ (Steve Smith) पिछले दो सालों से बड़ी पारी के लिए संघर्ष कर रहे थे। हालांकि विराट कोहली (Virat Kohli) के बाद अब स्टीव स्मिथ ने शतकों का सूखा खत्म कर लिया है और न्यूजीलैंड के खिलाफ 12वीं वनडे सेंचुरी ठोक डाली है।

स्टीव स्मिथ ने खत्म किया शतक का सूखा

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (Steve Smith) ने आज न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 131 गेंदों में 11 चौकों और 1 छक्के की बदौलत 105 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी यह शतकीय पारी 546 दिनों के बाद आई है। स्मिथ लंबे वक्त से शतक की तलाश में थे, आखिरकार उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाकर साबित कर दिया है कि वह अब भी सीमित ओवरों की क्रिकेट में रन बना सकते हैं।

विराट कोहली ने भी खत्म किया था शतकों का सूखा

गौरतलब है कि लंबे समय के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में विराट कोहली के बल्ले से शतक निकला है। उन्होंने 61 गेंदों में नाबाद 122 रन बनाए। इंटरनेशनल क्रिकेट में 1021 दिन बाद उनके बल्ले से शतक आया है। इससे पहले कोहली ने इंटरनेशनल क्रिकेट में नवंबर 2019 में शतक लगाया था। कोहली ने यह शतक बांग्लादेश के खिलाफ कोलकता के इडन गार्डन्स में लगाया था। कोहली लंबे समय से इस शतक का इंतजार कर रहे थे।

ऐसा करने वाले बनें तीसरे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी

स्टीव स्मिथ (Steve Smith) ने अपने वनडे के 12वे शतक के साथ खास उपलब्धि हासिल कर ली है। आपको बता दें कि इस शतक से साथ स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रलिया के लिए सर्वाधिक इंटरनेशनल शतक लगाने वाले संयुक्त रूप से तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में रिकी पोंटिंग 70 शतकों के साथ अभी भी पहले नंबर पर है जबकि डेविड वॉर्नर 43 शतकों के साथ दूसरे, मैथ्यू हैडन तथा स्मिथ 40-40 शतकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे नंबर बरकार है।

Tags: ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड, विराट कोहली, स्टीव स्मिथ,