नई दिल्ली। Apple के नए iPhone लॉन्च होने के बाद आमतौर पर पुराने मॉडल्स की कीमतों में कटौती की उम्मीद की जाती है। लेकिन इस बार तस्वीर बिल्कुल उलट है। Apple ने भारत में नए iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के लॉन्च के तुरंत बाद अपने कई पुराने iPhone मॉडल्स की कीमत बढ़ा दी है। इससे iPhone खरीदने की तैयारी कर रहे ग्राहकों को बड़ा झटका लगा है। सबसे ज्यादा चर्चा iPhone 17 की कीमत को लेकर हो रही है। कंपनी ने इसके 256GB वेरिएंट की शुरुआती कीमत ₹82,900 रखी थी, लेकिन अब यही मॉडल ₹99,900 में मिलेगा। यानी ग्राहक को पहले के मुकाबले सीधे ₹17,000 ज्यादा खर्च करने होंगे। वहीं 512GB वेरिएंट की कीमत ₹1,02,900 से बढ़कर ₹1,24,900 हो गई है। इस मॉडल पर कीमत में ₹22,000 का इजाफा हुआ है।
iPhone 17e भी हुआ महंगा
Apple ने केवल iPhone 17 की कीमत नहीं बढ़ाई है। कंपनी ने iPhone 17e के दाम में भी अच्छी-खासी बढ़ोतरी की है। इसका 256GB मॉडल पहले ₹64,900 में उपलब्ध था, जिसकी नई कीमत ₹79,900 हो गई है। यानी इसकी कीमत में ₹15,000 की बढ़ोतरी हुई है। वहीं 512GB मॉडल की कीमत ₹84,900 से बढ़कर ₹1,04,900 हो गई है। इस वेरिएंट के लिए ग्राहकों को अब ₹20,000 अधिक चुकाने होंगे।
iPhone Air की कीमत में सबसे बड़ा उछाल
Apple के पतले और प्रीमियम मॉडल आईफोन 17 की कीमत में भी बड़ा बदलाव हुआ है। इसके 256GB वेरिएंट की कीमत ₹1,19,900 से बढ़ाकर ₹1,49,900 कर दी गई है। यानी यहां ग्राहकों पर ₹30,000 का अतिरिक्त बोझ पड़ा है। 512GB मॉडल अब ₹1,74,900 में मिलेगा, जबकि इसका 1TB वेरिएंट सबसे ज्यादा महंगा हुआ है। इसकी कीमत ₹1,59,900 से बढ़कर ₹2,24,900 हो गई है। यानी 1TB मॉडल के लिए अब ₹65,000 ज्यादा देने होंगे।
आईफोन 16 की कीमत भी बढ़ी
पुराना आईफोन 16 भी इस कीमत बढ़ोतरी से अछूता नहीं रहा। इसके 128GB वेरिएंट की कीमत अब ₹89,900 हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इससे पहले इस मॉडल की कीमत ₹69,900 के आसपास थी, यानी ग्राहकों को करीब ₹20,000 अधिक चुकाने पड़ सकते हैं। Apple की भारतीय वेबसाइट पर फिलहाल आईफोन 16 की नई कीमत ₹89,900 दिखाई जा रही है। आखिर Apple ने क्यों बढ़ाए पुराने आईफोन के दाम? कीमत बढ़ाने को लेकर Apple की तरफ से कोई विस्तृत आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है। हालांकि, टेक इंडस्ट्री में मेमोरी चिप्स और दूसरे जरूरी कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत को इसकी संभावित वजह माना जा रहा है। AI और डेटा सेंटर इंडस्ट्री में बढ़ती मांग के कारण मेमोरी कंपोनेंट्स की सप्लाई पर दबाव बढ़ा है, जिसका असर लागत पर पड़ा है।
दिलचस्प बात यह है कि नए आईफोन लॉन्च के बाद पुराने मॉडल सस्ते होने की उम्मीद कर रहे ग्राहकों को इस बार उलटा अनुभव हुआ है। Apple ने पुराने मॉडल्स की कीमत घटाने के बजाय बढ़ा दी है। ऐसे में अगर आप फेस्टिव सीजन में iPhone खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो खरीदारी से पहले अलग-अलग मॉडल और उनकी नई कीमतों की तुलना करना आपके लिए जरूरी हो सकता है।

