Umesh Yadav (उमेश यादव)
Umesh Yadav

टीम इंडिया (Team India) के कई खिलाड़ी इन दिनों चोट की समस्या से जूझ रहे है। इसी कड़ी में अब एक और खिलाडी का नाम जुड़ गया है। टीम इंडिया के अनुभवी तेज गेंदबाज उमेश यादव (Umesh Yadav) भी चोटिल हो चुके है। उमेश को जांघ में चोट लग गई है जिस वजह से वह काउंटी चैंपियनशिप में भाग नहीं ले सकेंगे। उमेश यादव के क्लब मिडिलसेक्स की और से यह जानकारी दी गई है।

क्लब ने ट्वीट कर बताया उमेश यादव की चोट का

इंग्लैंड के मशहूर काउंटी क्रिकेट क्लब मिडिलसेक्स ने ट्वीट करते हुए यह बताया कि,

“यह घोषणा करते हुए दुख हो रहा है, लेकिन उमेश यादव आखिरी दो मैचों के लिए टीम में नहीं रह पाएंगे। क्योंकि वह चोट से उबरने की कोशिश कर रहे हैं, उम्मीद है वह जल्द ठीक होंगे।”

भारत लौटे उमेश यादव

बता दें कि अपनी चोट की वजह से उमेश यादव (Umesh Yadav) भारत वापस लौट गए हैं और इससे उबरने की कोशिश कर रहे हैं बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनका ध्यान रख रही है। उमेश यादव को यह चोट रॉयल लंदन क्लब में होम गेम खेलते समय लग गई थी। चोट इतनी जबरदस्त थी कि उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा था। 17 सितंबर को मैच खेलने के लिए लंदन वापस रवाना होने वाले थे, लेकिन अभी उनकी चोट ठीक नहीं हुई है जिसके चलते वह मैच में शामिल नहीं हो पाएंगे।

उमेश यादव का प्रदर्शन

उमेश यादव (Umesh Yadav) के मैच में ना होने पर मिडिलसेक्स के प्रमुख एलन कोलमैन का कहना है कि हम निराश हैं कि अंतिम दो मैचों में उमेश हमारे साथ नहीं हैं। लेकिन उनकी रिकवरी की जानकारी लेने के लिए हम लगातार बीसीसीआई की मेडिकल टीम के साथ संपर्क में हैं। क्लब के लिए उन्होंने जितना भी परफॉर्म किया उसके लिए उनका बहुत शुक्रिया और भविष्य में वह निश्चित रूप से मिडिलसेक्स में फिर से लौटेंगे।

उमेश यादव के वर्क फ्रंट की बात करें तो वह अब तक देश के लिए 75 वनडे, 7 टी20 और 52 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। टेस्ट मैच में उनका औसत 30.80 है और वह 158 विकेट चटका चुके हैं। 88 रन देकर छह विकेट लेना उनके सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में शामिल है। वनडे इंटरनेशनल में वह 106 और T20 में 9 विकेट ले चुके हैं।