डकवर्थ लुईस नियम समझना आसान लेकिन बीसीसीआई और भारतीय चयनकर्ता को समझ पाना मुश्किल, फैसले देख आता है फैंस को रोना

By Tanu Chaturvedi On November 24th, 2022
टीम इंडिया के चेतन शर्मा

टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का फॉर्मेट और न्यूजीलैंड सीरीज में टीम इंडिया का फॉर्मेट बिल्कुल ही अलग देखा गया है। इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ टीम इंडिया के खिलाड़ियों में भी बहुत बड़ा उलटफेर दिखाई दिया है। टीम इंडिया न्यूजीलैंड सीरीज के बाद वनडे सीरीज खेलने जा रही है। उस टीम की कमान शिखर धवन संभाल रहे हैं। इससे पहले टीम इंडिया ने टी-20 सीरीज में न्यूजीलैंड को हराया है।

किस आधार पर कटा इन खिलाड़ियों का नाम

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलने वाली टीम के 8 खिलाड़ी ऐसे हैं जो बांग्लादेश के खिलाफ चुनी गई टीम का हिस्सा ही नहीं हैं। इन खिलाड़ियों में शुभमन गिल, दीपक हुडा, सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह और उमरान मलिक का नाम शामिल है। इनमें संजू सैमसन पहले टी20 वर्ल्ड कप में भी टीम का हिस्सा नहीं थे। इसके बाद उन्हें न्यूजीलैंड में सीरीज खेलने का मौका दिया गया और इसके बाद बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज से इस खिलाड़ी को हटा दिया गया। बीसीसीआई के चयन के गणित को कोई भी समझ नहीं पा रहा है।

वहीं बात करें सूर्यकुमार यादव की तो सूर्या टी20 वर्ल्ड कप से मैच खेल रहे हैं उन्हें आराम देने की बात सभी समझते हैं। हालांकि सूर्या अपने बल्ले से शानदार कमाल दिखा रहे थे, ऐसे में क्या उन्होंने खुद आराम मांगा है। इसके अलावा शुभमन गिल को भी न्यूजीलैंड सीरीज में मौका तो दिया गया था लेकिन मैदान में उतर कर खेलने का मौका खिलाड़ी को नहीं दिया गया था। इसके बाद बांग्लादेश सीरीज के खिलाफ भी इनका नाम काट दिया गया।

अगर किसी खिलाड़ी के प्लेइंग स्टाइल को समझना हो तो उसे लगातार खेलने का मौका तो मिलना ही चाहिए ऐसे में प्लेइंग इलेवन में हो रहे उलटफेर के कारण टीम इंडिया को सवालिया नजरों से देखा जा रहा है। ऐसे में ड्रेसिंग रूम में हर रोज चेहरे बदलेंगे तो खिलाड़ियों में आपसी समझ कैसे ‘डेवलप’ होगी। टीम इंडिया को आईसीसी टूर्नामेंट्स नहीं जीत पा रही है। आईसीसी इवेंट में आखिरी जीत उसे 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में मिली थी, ऐसे में खिलाड़ियों के उलटफेर से क्रिकेट पर क्या असर होगा, इस पर भी सवाल उठ रहे हैं।

कप्तानी को बना दिया मजाक

वहीं, बात करें कप्तानी की तो न्यूजीलैंड सीरीज के बाद जब टीम इंडिया बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज खेलेगी तो उसके कप्तान रोहित शर्मा होंगे। मौजूदा वनडे कप्तान शिखर धवन उनके डिप्टी यानी उपकप्तान भी नहीं होंगे, उपकप्तान की जिम्मेदारी केएल राहुल निभाएंगे। वहीं न्यूजीलैंड में टी20 सीरीज के कप्तान हार्दिक पांड्या थे और वनडे के लिए शिखर धवन को चुना गया था। टी20 वर्ल्ड कप में रोहित शर्मा की कप्तानी को लेकर सवाल उठाए गए थे, फिर बांग्लादेश के खिलाफ कमान देने का मतलब क्या होगा?

 

 

Tags: टीम इंडिया, भारत बनाम बांग्लादेश, रोहित शर्मा, शिखर धवन,
Exit mobile version