SL vs PAK: फाइनल में श्रीलंका ने उड़ाई पाकिस्तान की धज्जियां, 23 रन से मैच अपने नाम कर छठी बार बनी एशिया कप की चैंपियन

By Akash Ranjan On September 11th, 2022

एशिया कप 2022 (Asia Cup 2022) का फाइनल मैच आज पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच (Pakistan vs Sri Lanka Final) दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम (Dubai International Cricket Stadium) में खेला गया। इस मैच में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आज़म (Babar Azam) ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। बतौर कप्तान दसुन शनाका और बाबर आज़म आमने-सामने थे।

पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की टीम श्रीलंका ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुक्सान पर 170 रन बनाए। जिसके ज़वाब में पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में 147 रन ही बना सकी और श्रीलंका ने 23 रन से मैच जीत लिया। इस जीत के साथ श्रीलंका की टीम ने छठी बार एशिया कप को जीत लिया है।

श्रीलंका की पारी, भानुका राजपक्षे का अर्धशतक

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने 20 ओवर में छह विकेट गंवाकर 170 रन बनाए। भानुका राजपक्षा (Bhanuka Rajapaksa ) ने तूफानी पारी खेली। श्रीलंका ने एक वक्त 58 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे। पाथुम निसांका (8), कुसल मेंडिस (0), धनंजय डी सिल्वा (28), दानुष्का गुणातिलाका (1), दसुन शनाका (2) जल्दी आउट हो गए।

इसके बाद राजपक्षा ने हसरंगा के साथ छठे विकेट के लिए 36 गेंदों पर 58 रन की साझेदारी निभाई। हसरंगा ने 21 गेंदों पर 36 रन की अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का लगाया। वह हारिस रऊफ की गेंद पर कैच आउट हुए।

राजपक्षा ने 35 गेंदों में टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का तीसरा अर्धशतक लगाया। राजपक्षा ने 71 रन की अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए। उनका स्ट्राइक रेट 157.78 का रहा। पाकिस्तान की ओर से हारिस रऊफ ने सबसे ज्यादा तीन विकेट लिए। वहीं, नसीम शाह, शादाब खान और इफ्तिखार अहमद को एक-एक विकेट मिला।

पाकिस्तान की पारी, 147 पर ऑल आउट

पाकिस्तान की पारी मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) और बाबर आजम (Babar Azam) की जोड़ी ने शुरू की। मदुशंका ने पहला ओवर डाला और शुरुआत बेहद खराब रही। पहली गेंद अच्छी लेकिन नो बॉल, जिसके बाद उन्होंने लगातार 4 वाइड गेंद डाली, जिसमे से एक पर चौका भी मिला। इस तरह पाकिस्तान ने बिना कोई गेंद खेले 9 रन बना लिए थे। इसके बाद उन्होंने नो बॉल वाली गेंद पर सिर्फ 1 रन दिया और बाकी की पांच गेंदें भी अच्छी डाली।

प्रमोद मदुशन ने श्रीलंका को पहला विकेट दिलाया, उन्होंने पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम (5) को कैच आउट कराया। प्रमोद ने चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर ये विकेट चटकाया, जिसके बाद आए फखर जमन को भी मदुशन ने अगली ही गेंद पर आउट कर लगातार 2 गेंदों में 2 विकेट हासिल किए। 14वें ओवर में 93 के स्कोर पर पाकिस्तान को तीसरा झटका लगा। प्रमोद मदुशन ने इफ्तिखार अहमद को अशेन बंदारा के हाथों कैच कराया। इफ्तिखार 31 गेंदों में 32 रन बना सके।

17वें ओवर में पाकिस्तान को तीन झटके लगे। मिस्ट्री स्पिनर वानिंदु हसरंगा ने गजब की गेंदबाजी की। उन्होंने पहली गेंद पर लमैदान पर जम चुके मोहम्मद रिजवान को गुणातिलाका के हाथों कैच कराया। रिजवान 49 गेंदों में 55 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद तीसरी गेंद पर हसरंगा ने आसिफ अली को क्लीन बोल्ड किया। पांचवीं गेंद पर हसरंगा ने खुशदिल शाह को तीक्ष्णा के हाथों कैच कराया। 18वें ओवर में महेश तीक्ष्णा ने शादाब खान को पवेलियन भेजा।

Tags: एशिया कप 2022, दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम, पाकिस्तान और श्रीलंका,
Exit mobile version