टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने श्रीलंका सीरीज में वनडे मैच की कप्तानी कर टीम इंडिया को 3-0 से जीत हासिल कराई। इस सीरीज में जिस तरह टीम इंडिया ने श्रीलंका का सूपड़ा साफ किया वैसा ही गेम फैंस न्यूजीलैंड सीरीज में देखना चाहेंगे। इस बीच आर अश्विन ने वनडे वर्ल्ड कप को लेकर कुछ सलाह कप्तान रोहित शर्मा को दी थी, जिसके बाद रोहित ने भी उनकी सलाह की सही माना है।
बता दें कि इस साल वनडे वर्ल्ड कप टीम इंडिया की मेजबानी में खेला जाना है। दरअसल, आर अश्विन ने कहा था कि रात में ओस गिरती है, इस कारण मैच खेलने में कमजोर टीम को फायदा होता है। भारत में अमूमन वनडे मैच दोपहर 1.30 बजे से शुरू होते हैं।
इस कारण दूसरी पारी में ओस का असर मैच पर होने लगता है और गेंदबाजों को बॉलिंग करने में काफी परेशानी होती है। इस कारण टारगेट चेज करने वाली टीम को फायदा मिलता है। मगर अश्विन ने सलाह दी थी कि यदि वनडे मैचों को दो घंटे जल्दी यानी 11.30 बजे से शुरू किया जाए, तो मैच खेलने में किसी को परेशानी नहीं होगी। इस बात को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित शर्मा ने भी कुछ कहा है।
रोहित शर्मा ने भरी हामी
रोहित ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हैदराबाद वनडे से पहले आर अश्विन की बात को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,
‘यह एक अच्छा विचार है। क्योंकि बात विश्व कप की है। आप टॉस फैक्टर पर बहुत अधिक समझौता नहीं करना चाहते हैं और आप इससे जुड़े फायदे को पूरी तरह खत्म करना चाहते हैं। तो मेरे हिसाब से मैच को जल्दी शुरू करना एक अच्छा आइडिया है। लेकिन, मुझे नहीं पता कि यह संभव है भी या नहीं।
रोहित ने कहा,
‘आइडियली तौर पर देखा जाओ, तो आप भी नहीं चाहेंगे कि कोई टीम ओस का फायदा उठाए। किसी टीम को ओस और लाइट का फायदा उठाकर बल्लेबाजी करते आप नहीं देखना चाहेंगे।’
यूट्यूब चैनल पर आर अश्विन ने कही थी ये बात
बता दें कि अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा था,
‘आईसीसी अच्छी तरह जानता है कि ओस होगी। ऐसे में मेरी सलाह है कि मैच को आगे बढ़ाना चाहिए। यदि हम मैच क को दो घंटे पहले 11.30 बजे शुरू करते हैं, तो ओस बिल्कुल भी मैच में नहीं आएगी। क्रिकेट फैन्स वर्ल्ड कप को प्राथमिकता देंगे और वर्ल्ड कप मैच 11.30 बजे से देखेंगे।’
