IND W vs SL W: भारत ने दूसरे रोमांचक टी20 मैच में श्रीलंका को 5 विकेट से हरा कर सीरीज की अपने नाम, स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास

By Akash Ranjan On June 25th, 2022
IND W vs SL W: भारत ने दूसरे रोमांचक टी20 मैच में श्रीलंका को 5 विकेट से हरा कर सीरीज की अपने नाम, स्मृति मंधाना ने रचा इतिहास

भारतीय महिला क्रिकेट टीम (India women’s national cricket team) ने श्रीलंका को दूसरे टी-20 मैच में 5 विकेट से करारी शिकस्त देते हुए इस मुकाबले को भी अपने नाम कर लिया है। इस मैच में सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है। दोनों टीमों के बीच शनिवार को 3 टी20 मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला श्रीलंका के रंगिरी दांबुला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (Rangiri Dambulla International Cricket Stadium) में खेला गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 125 रन बनाए। जीत के लिए भारतीय टीम (SLW vs INDW) को 126 रनों की दरकार थी। जिसके जवाब में उतरी मेहमान टीम ने 19.1 ओवर में ही इस लक्ष्य को हासिल कर लिया और इसी के साथ सीरीज पर 2-0 से बढ़त भी बना ली है।

भारत के लिए दूसरे मैच में मंधाना ने रच दिया इतिहास

भारतीय टीम (SLW vs INDW) को सीरीज के दूसरे मैच में जीत दिलाने में स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) का बल्ले से जबरदस्त योगदान रहा। उन्होंने 34 गेंदों में आठ चौकों की मदद से 39 रन की तूफानी पारी खेली और वो इस मैच में टॉप स्कोरर रहीं। इतना ही नहीं उन्होंने इस पारी के साथ एक खास उपलब्धि भी हासिल कर ली है। मंधाना अपने टी-20 अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट करियर में 2000 रन पूरे कर लिए हैं।

ये कीर्तिमान हासिल करने वाली स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) 5वीं भारतीय महिला क्रिकेटर बन गई हैं जिन्होंने टी20 करियर में अपने 2000 रन पूरे किए हैं। ये उनके बेस्ट रिकॉर्ड में से एक है। इतना ही नहीं क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में तेजी से 2,000 रन पूरा करने के मामले में वो दूसरे नंबर पर हैं।

श्रीलंका की टीम ने बनाये थे 125 रन

श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 125 रन बनाए। इस दौरान टीम के लिए ओपनर खिलाड़ी विश्मी गुनारत्ने (Vishmi Gunaratne) ने 45 रनों की पारी खेली। जबकि कप्तान चमारी अटापट्टू (Chamari Athapaththu) ने 43 रनों का अहम योगदान दिया।

इसके अलावा कोई भी श्रीलंकाई खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सकी। इस दौरान भारत के लिए दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) ने दो विकेट झटके। उन्होंने 4 ओवरों में 34 रन दिए। जबकि राधा यादव (Radha Yadav), पूजा (Pooja Vastrakar), हरमनप्रीत (Harmanpreet Kaur) और रेणुका (Renuka Singh) ने एक-एक विकेट लिए।

भारतीय टीम ने 5 विकेट से दर्ज की शानदार जीत

टीम इंडिया (Team India) के लिए स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) और शेफाली वर्मा (Shafali Verma) ओपनिंग करने आई। इस दौरान स्मृति ने 34 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 39 रन बनाए। जबकि शेफाली ने 10 गेंदों में 2 चौकों और एक छक्के की मदद से 17 रन बनाए। मेघना ने 4 चौकों की मदद से 17 रन बनाए। हरमनप्रीत (Harmanpreet Kaur) 31 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने 32 गेंदों का सामने करते हुए 2 चौके लगाए।

यस्तिका भाटिया (Yastika Bhatia) ने 13 रनों का योगदान दिया। इस तरह भारत ने 19.1 ओवरों में 5 विकेट से जीत हासिल की। गौरतलब है कि भारतीय महिला टीम ने 3 मैचों की सीरीज के शुरुआती दो मुकाबले जीत लिए हैं। भारत ने पहला मैच 34 रनों से जीता। यह मैच 23 जून को खेला गया था। जबकि टीम इंडिया ने दूसरा मैच 5 विकेट से जीता। अब तीसरा मैच 27 जून को खेला जाएगा।

Tags: IND W vs SL W, भारत, श्रीलंका,
Exit mobile version