शिखर धवन की कप्तानी वाली टीम इंडिया मौजूदा समय में वेस्टइंडीज दौरे पर है। जहां 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जा रही है। इस दौरे के लिए टीम इंडिया की तरफ से शिखर धवन (Shikhar Dhawan) को कप्तान बनाया गया है। उनकी अगुवाई में टीम इंडिया (Team India) ने शुरूआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज पर कब्जा जमा लिया है। वनडे सीरीज जीतने के बाद गब्बर स्पेशल क्लब में शामिल हो गए हैं।
शिखर धवन ऐसा करने वाले 5वें कप्तान बने

भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 वनडे मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला 24 जुलाई को खेला गया। इस मैच को टीम इंडिया ने 2 विकेट से जीत लिया। इस जीत के साथ शिखर धवन (Shikhar Dhawan) ने बतौर कप्तान बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। इसी के साथ धवन वेस्टइंडीज की सरजमीं पर वनडे सीरीज जीतने वाले भारत के पांचवें कप्तान बन गए हैं।
इससे पहले विराट कोहली (Virat Kohli), एमएस धोनी (MS Dhoni), सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) और सुरेश रैना (Suresh Raina) ये कारनामा कर चुके हैं। वहीं अब धवन की भी इस स्पेशल क्लब में एंट्री हो गई है। इन सभी कप्तानों ने वेस्टइंडीज की जमीन पर भारतीय टीम को वनडे सीरीज जिताई है।
वेस्टइंडीज में वनडे सीरीज जीतने वाले भारतीय कप्तान

साल 2002 में सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) वेस्टइंडीज में वनडे सीरीज जीतने वाले पहले भारतीय कप्तान बने थे। 5 मैच की सीरीज पर गांगुली की कप्तानी वाली टीम ने 2-1 से कब्जा किया था। साल 2009 में विंडीज में वनडे सीरीज जीतने वाले दूसरे भारतीय कप्तान एमएस धोनी (MS Dhoni) बने थे। धोनी की कप्तानी वाली टीम ने 4 मैच की सीरीज में मेजबान कैरेबियाई टीम को 2-1 के अंतर से धोया था।

इसके बाद सुरेश रैना (Suresh Raina) की कप्तानी में युवा भारतीय टीम ने साल 2011 में वेस्टइंडीज को उसके ही घर पर 5 मैच की सीरीज में 3-2 के अंतर से रौंदा था। इसके बाद विराट कोहली (Virat Kohli) कैरेबियाई धरती पर एकदिवसीय सीरीज जीतने वाले चौथे भारतीय कप्तान बने थे। विराट की कप्तानी में भारत ने विंडीज को साल 2017 में 5 मैच की सीरीज में 3-1 से और 2019 में 3 मैच की सीरीज में 2-0 से सीरीज अपने नाम की थी। विराट वेस्टइंडीज में लगातार दो वनडे सीरीज जीतने वाले पहले भारतीय कप्तान बने थे।

