ऋषभ पंत (Rishabh Pant) को साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज में टीम इंडिया (Team India) की कमान सौंपी गई है। लेकिन इस सीरीज की शुरुआत से ही पंत का बल्ला खामोश नजर आया है। पंत लगातार बाहर जाती गेंदों पर आउट हो रहे हैं। उनके लगातार ऐसे आउट होने के बाद अब टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) ने ऋषभ पंत को बाहर जाती गेंदों से बचने की सलाह दी और उनके शॉट्स के चयन पर भी सवाल उठाए।
ऋषभ पंत के शॉट्स के चयन पर बरसे सुनील गावस्कर

सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) ने ऋषभ पंत (Rishabh Pant) के शॉट्स के चयन पर भी सवाल उठाए हैं। सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स पर कमेंट्री करते हुए कहा कि मौजूदा सीरीज में बार बार ऑफ स्टंप के बाहर जाती गेंदों के खिलाफ पंत का आउट होना चिंता का विषय है। सुनील गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स पर कमेंट्री के दौरान कहा कि,
”उसने सीखा नहीं है। पिछले तीन मैचों में भी अपने विकेट से उसने सबक नहीं लिया है। वे बाहर गेंद डाल रहे हैं और वह लगातार इस जाल में फंस रहा है। उसे इन गेंदों पर हवाई शॉट खेलने से बचना होगा। साउथ अफ्रीकी टीम पंत के खिलाफ खास रणनीति बनाई है। ऑफ स्टम्प से बाहर गेंद डालो और उसका विकेट लो।”
ऋषभ पंत को पूर्व कप्तान ने दी सलाह

सुनील गावस्कर ने कमेंट्री में आगे कहा कि टी20 मैचों में ये दस बार हुआ जब ऋषभ पंत (Rishabh Pant) इस अंदाज में आउट हुए हैं। पूर्व कप्तान ने आगे कहा,
‘‘इस साल टी20 मैचों में वह दस बार ऐसे ही आउट हुआ है। अगर वह गेंद से छेड़खानी नहीं करता तो उनमें से कुछ वाइड होती। गेंद काफी बाहर होने से उसे अतिरिक्त बल भी लगाना पड़ता है। भारत के कप्तान का एक सीरीज में लगातार एक तरीके से ही आउट होना अच्छा संकेत नहीं है।’
