भारत और इंग्लैंड (IND vs ENG) के बीच बर्मिंघम (Birmingham) में 1 जुलाई से 5 जुलाई तक पिछले साल अधूरी छूटी हुई 5 मैचों की सीरीज का पांचवां और आखिरी टेस्ट मैच खेला जाने वाला है। भारत इस सीरीज में 2-1 से आगे है और उसे सीरीज पर कब्जा करने के लिए सिर्फ ये मैच ड्रॉ कराने की जरूरत है। भारत और इंग्लैंड की टीमें जब भी क्रिकेट के मैदान पर भिड़ती हैं, तो बात सिर्फ गेंद और बल्ले की नहीं होती।
मामूली तू-तू मैं-मैं से लेकर मैदान के बाहर के विवाद अक्सर ही सुर्खियों का हिस्सा बन जाते हैं। इन विवादों ने दोनों देशों के बीच की प्रतिस्पर्धा का रोमांच ही बढ़ाया है।
आइए एक नजर डालते हैं भारत और इंग्लैंड के बीच हुए 5 बड़े विवादों पर:-
1. कोहली ने स्टोक्स से लिया था पंगा
साल 2016 में भारत दौरे पर टीम इंडिया (Team India) के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) के साथ बेन स्टोक्स (Ben Stokes) का विवाद काफी चर्चित रहा था। बीच मैदान पर ये दोनों खिलाड़ी भिड़ गए थे। विराट और स्टोक्स के बीच यह मामला 2016 मोहाली टेस्ट मैच का है। मोहाली टेस्ट (Mohali Test) में इंग्लैंड (England) ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया।
रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने बेन स्टोक्स (Ben Stokes) को विकेटकीपर पार्थिव पटेल (Parthiv Patel) के हाथों स्टंप आउट करा दिया। बेन स्टोक्स के आउट होने के बाद टीम इंडिया और विराट कोहली (Virat Kohli) ने जश्न मनाया। बेन स्टोक्स को कोहली का अंदाज पसंद नहीं आया। स्टोक्स ने आउट होने के बाद पीछे मुड़कर कुछ कहा जिससे विराट कोहली भड़क गए। मैदान पर गर्मागर्मी और बढ़ती उससे पहले ही अंपायरों ने दोनों को अलग कर दिया।
2. एंडरसन ने जडेजा और धोनी से की थी बदतमीजी
साल 2014 में जब टीम इंडिया (Team India) पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए इंग्लैंड (England) के दौरे पर गई थी तो जेम्स एंडरसन (James Anderson) पहले टेस्ट में रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) और महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) से भिड़ गए थे। साल 2014 में खेले गए नॉटिंघम टेस्ट के दूसरे दिन लंच के लिए लौटते वक्त एंडरसन ना सिर्फ जडेजा बल्कि कप्तान धोनी (MS Dhoni) से भी उलझ पड़े थे।
आईसीसी (ICC) आचार संहिता के लेवल तीन के तहत टीम इंडिया ने एंडरसन पर जडेजा के साथ बदतमीजी करने और धक्का मारने का आरोप जड़ा। तो, इंग्लैंड टीम ने भी जडेजा पर खेल भावना से खिलवाड़ का आरोप लगाया। मैच रेफरी डेविड बून ने लेवल 1 के तहत जडेजा पर जुर्माना लगाते हुए उनकी 50 फीसदी मैच फीस काट ली। इससे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी भी गुस्से में आग बबूला हो गए। टीम इंडिया (Team India) ने इसके खिलाफ अपील करने का फैसला ले लिया।
हैरानी की बात ये भी थी कि स्टेडियम में सीसीटीवी लगे होने के बावजूद ईसीबी (ECB) के पास उस घटना की फुटेज नहीं थी जब ये सारा विवाद हुआ था। आईसीसी (ICC) ने गॉर्डन लुइस को ज्यूडिशियल कमिश्नर नियुक्त किया। ज्यूडिशियल कमिश्नर ने सुनवाई के बाद एंडरसन और जडेजा को क्लीन चिट दी और कहा कि जडेजा की फीस भी नहीं काटी जाएगी। इस विवाद को लेकर धोनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि,
“पता नहीं मैच रेफरी ने क्या देखकर जडेजा पर जुर्माना लगाया था। हम सही थे, एंडरसन ने लक्ष्मण रेखा लांघी थी। रही बात जज की तो उन्हें सबूत चाहिए होता है। मैं उस मसले पर नहीं बोलूंगा। मैंने वही किया जो किया जाना चाहिए था। अगर मेरी टीम का भी कोई खिलाड़ी लक्ष्मण रेखा लांघे तो मैं उसका साथ नहीं देता। बात सिर्फ गाली की नहीं थी। धक्का दिया गया था।”
3. जहीर खान ने पीटरसन को दिखाया था बल्ला
जुलाई 2007 में नॉटिंघम (Nottingham) में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के दौरान टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जहीर खान (Zaheer Khan) और इंग्लिश क्रिकेटर केविन पीटरसन (Kevin Pietersen) के बीच गर्मागर्मी हो गई। इंग्लैंड (England) को पहली पारी में 198 रनों पर समेटने के बाद भारत मेजबान टीम पर 266 रनों की बढ़त बना चुका था। लक्ष्मण का विकेट गिरने के बाद जहीर खान बल्लेबाजी करने आए। जहीर खान जब बैटिंग कर रहे थे, तब उन्होंने क्रीज पर कुछ जैली बीन्स (टॉफी) पड़ी देखीं, जिसे उन्होंने तुरंत वहां से हटा दिया।
लेकिन, अगली गेंद खेलने के बाद उन्हें पिच पर फिर कई और जैली बीन्स पड़ी दिखाई दीं। इसके बाद जहीर खान को गुस्सा आ गया और उन्होंने स्लिप में फील्डिंग कर रहे केविन पीटरसन से ऐसा नहीं करने को कहा, लेकिन पीटरसन अपनी गलती मानने की बजाए जहीर खान से भिड़ गए। ऐसे में जहीर ने भी गुस्से में पीटरसन को बैट दिखा दिया। दोनों के बीच गर्मागर्मी को बढ़ता देख अंपायरों ने मामले को शांत करने की कोशिश की। मैच के बाद इंग्लैंड टीम के कप्तान माइकल वॉन ने जैली-बीन्स विवाद के लिए माफी मांग ली थी।
