Federer Kohli Video: विराट कोहली का संदेश सुन भावुक हुए रोजर फेडरर, करोड़ों फैंस के दिल की बात कही

By Akash Ranjan On September 29th, 2022
Federer Kohli Video: विराट कोहली का संदेश सुन भावुक हुए रोजर फेडरर, करोड़ों फैंस के दिल की बात कही

दुनिया के दिग्गज खिलाड़ी रोजर फेडरर (Roger Federer) ने बीते दिनों टेनिस को अलविदा कह दिया था। कोर्ट से उनकी विदाई पर राफेल नडाल (Rafael Nadal) सहित पूरी दुनिया रो पड़ी थी। पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) भी फेडरर के संन्यास पर भावुक हो गए।

एक वीडियो मैसेज में कोहली ने फेडरर के साथ अपनी मुलाकात को भी याद किया, जिसे सुनकर स्विट्जरलैंड के फेडरर भावुक हो गए और उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर कोहली के वीडियो को शेयर करके धन्यवाद कहा। एटीपी टूर ने अपने इंस्टाग्राम पर कोहली का वीडियो शेयर किया, जिसमें कोहली ने फेडरर को सर्वकालिक महान खिलाड़ी बताया।

विराट कोहली ने रोजर फेडरर को दिया सन्देश

भारत के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली ने गुरुवार (29 सितंबर) को स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर के लिए एक भावुक वीडियो शेयर किया। इसे एटीपी ने अपने ट्विटर पर जारी किया है। फेडरर ने इस महीने की शुरुआत में खेल से संन्यास की घोषणा की थी और लंबे समय के प्रतिद्वंद्वी राफेल नडाल के साथ लेवर कप में युगल मैच खेलने के बाद खेल से अलग हो गए। अपने वीडियो संदेश में कोहली ने फेडरर को सर्वकालिक महान खिलाड़ी बताया है।कोहली ने कहा,

“नमस्कार रोजर, यह मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है कि मैं इस वीडियो के जरिए आपके एक अभूतपूर्व करियर के लिए बधाई दे रहा हूं। आपने हमें इतने खूबसूरत पल और यादें दी हैं। मुझे व्यक्तिगत रूप से 2018 में ऑस्ट्रेलियन ओपन में आपसे मिलने का मौका मिला था, जिसे मैं अपने जीवन में कभी नहीं भूलूंगा।”

 

View this post on Instagram

 

A post shared by ATP Tour (@atptour)

विराट कोहली ने रोजर फेडरर को बताया महान

विराट ने आगे कहा,

”आपको खेलते हुए देखना सुखद था। मेरे लिए सबसे अलग बात यह थी कि दुनिया भर में इतने सारे लोग आपका समर्थन करते हैं। वह सिर्फ टेनिस जगत से नहीं हैं। यह एकता मैंने किसी भी अन्य खिलाड़ी के लिए नहीं देखी।

आपके पास हमेशा वह विशेष क्षमता थी। यह बहुत स्पष्ट था जब हमने आपको खेलते हुए देखा और कोर्ट पर आप जो आभा लेकर आए, वह अतुलनीय है। मेरे लिए आप हमेशा सर्वकालिक महान रहेंगे। मुझे यकीन है कि आपके जीवन के अगले चरण में आप उतना ही आनंद लेने वाले हैं जितना आपने कोर्ट पर लिया था। मैं आपको और आपके परिवार को भी शुभकामनाएं देता हूं।”

फेडरर ने कोहली को धन्यवाद कहा है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में एटीपी के वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ”शुक्रिया विराट कोहली।”

आखिरी मैच में हार गए थे फेडरर

फेडरर ने अपना आखिरी मैच शुक्रवार (23 सितंबर) को खेला था। 41 साल के फेडरर ने लंबे समय के प्रतिद्वंद्वी राफेल नडाल के साथ डबल्स मैच खेला। हालांकि, दोनों को हार का सामना करना पड़ा। मैच के बाद फेडरर की आंखों में आंसू आ गए और वह भावुक हो गए। नडाल भी अपने आंसू नहीं रोक पाए और दोनों की साथ में भावुक होने की तस्वीर काफी वायरल हुई थी।

तब विराट कोहली ने भी वायरल तस्वीर पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा था- किसने सोचा था कि प्रतिद्वंद्वी एक-दूसरे के प्रति ऐसा महसूस कर सकते हैं। यही खेल की सुंदरता है। यह मेरे लिए अब तक की सबसे खूबसूरत खेल तस्वीर है। जब आपके साथी आपके लिए रोते हैं, तभी आप जान पाते हैं कि भगवान द्वारा दिए गए टैलेंट के साथ आप कितना न्याय कर पाए हैं। इन दोनों के लिए मेरे दिल में सम्मान के अलावा कुछ नहीं है।

Tags: रोजर फेडरर, विराट कोहली,