IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन के दूसरे दिन भारत को जीत के लिए करना होगा ये 3 काम, मैच के साथ दांव पर है जीती हुई सीरीज

By Akash Ranjan On July 2nd, 2022
IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन के दूसरे दिन भारत को जीत के लिए करना होगा ये 3 काम, मैच के साथ दांव पर है जीती हुई सीरीज

इंग्लैंड और भारत (IND vs ENG) के बीच पिछले साल का बचा हुआ पांचवां और आखिरी टेस्ट मैच एजबेस्टन में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। बतौर कप्तान जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah)और बेन स्टोक्स (Ben Stokes) आमने सामने हैं।

पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम (Indian Team) ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रिषभ पंत (Rishabh Pant ) की शतकीय पारी और रविंद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) की अर्धशतकीय पारी के दम पर 73 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 338 रन बनाए। इसी के साथ पहले दिन का खेल समाप्त हुआ। अब टीम इंडिया (Team India) को इस मैच के दूसरे दिन भी अपना दबदबा कायम रखना है तो ये 3 अहम रणनीतियों के साथ मैदान में उतरना होगा।

1. रवींद्र जडेजा को चाहिए निचले क्रम के बल्लेबाजों का साथ

धाकड़ ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) ने अपनी पिछली टेस्ट सीरीज का फॉर्म इस मैच में भी जारी रखा है। इस मैच में उपकप्तान ऋषभ पंत (Rishabh Pant) के साथ जड्डू ने ताबड़तोड़ 222 रनों की अहम साझेदारी की। लेकिन यहाँ ख़ास बात है कि पंत के आउट होने के बाद भी जडेजा अपना छोर संभाले हुए है। 83 रनों पर नाबाद खेल रहे इस बल्लेबाज को अब बस दूसरे छोर से साथ निभाने वाले खिलाड़ी की सख्त ज़रुरत है। क्योंकि जडेजा के टिके रहने से स्कोरबोर्ड तेजी से चलेगा।

साथ ही टीम इंडिया इस स्थिति से जितने भी रन बटोरेगी उससे इंग्लिश टीम की परेशानियों में इजाफा होता जाएगा और मानसिक प्रेशर भी उत्पन्न होगा। फिलहाल मैच के दूसरे दिन की शुरुआत में जडेजा के साथ मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) रहेंगे, जो कि अब तक 11 गेंदो का सामना कर चुके हैं। लेकिन दूसरे दिन नई गेंद के साथ बल्लेबाजी करना कठिन हो सकता है।

2. इंग्लैंड के इन दो बल्लेबाज़ों को जल्दी करना होगा आउट

भारत की जीत रोड़ा लगा सकते है इंग्लिश दिग्गज बल्लेबाज जो रूट (Joe Root) और जॉनी बेयरस्टो (Jonny Bairstow)। ये दोनों ही भारत के लिए सबसे मजबूत दीवार बन कर खड़े हो सकते है। इसका संकेत इसी बात से लगा सकते है कि, हाल ही में खत्म हुई इंग्लैंड बनाम न्यूज़ीलैंड सीरीज में इन ही दोनों बल्लेबाजों ने कीवी टीम के मुँह से जीत छीन ली थी।

एक तरफ जो रूट इस सीरीज में अपनी क्लास बरकरार रखते हुए इंग्लैंड की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे, उन्होंने 3 मैचों में 99 की अविश्वसनीय औसत के साथ 396 रन बनाए थे।

वहीं जो रूट के साथ ही जॉनी बेयरस्टो मौजूदा समय में अपने करियर की बेस्ट फॉर्म में चल रहे हैं, वे न्यूज़ीलैंड के खिलाफ इंग्लिश टीम के सबसे बड़े मैच विनर बनकर उभरे हैं। इस पूरी सीरीज में 120 से भी अधिक स्ट्राइक रेट से जॉनी ने 2 शतक समेत 394 रन बनाए थे। जाहिर है इन दोनों खिलाड़ियों को ENG vs IND मैच में टीम इंडिया जितनी जल्दी पवेलियन रवाना करेगी उतना बेहतर होगा।

3. भारत के गेंदबाजों को दिखाना होगा अपना दम

टीम इंडिया के तेज गेंदबाजी को अपना लोहा मनवाना होगा। अगर हम पिछले साल इसी सीरीज के हुए मैचों की आंकड़ें देखें तो, टॉप-5 विकेट टेकर बॉलर में 3 भारतीय थे और वे तीनों ही ENG vs IND टेस्ट मैच का हिस्सा है। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) और मोहम्मद शमी ने क्रमश: 18, 14 और 11 विकेट हासिल किए थे।

अगर भारत को इंग्लैंड के मजबूत बल्लेबाजी क्रम को जल्द ही आउट करना है तो इन तीनों गेंदबाजों को अहम भूमिका निभानी होगी। एजबेस्टन का मैदान और इस समय का मौसम भी तेज गेंदबाजी में खासी मदद करेगा। ओवरकास्ट कंडीशन होने के चलते नई लाल गेंद ज्यादा हरकत कर बल्लेबाजों के लिए मुश्किल पैदा कर सकती है। जैसा कि भारत की पहली पारी की शुरुआत में भी देखा गया था।

Tags: IND vs ENG, इंग्लैंड, एजबेस्टन स्टेडियम, रवींद्र जडेजा,