एशिया कप से पहले पकिस्तान की दिव्यांग फैन से मिलने पहुंचे विराट कोहली, बताया क्यों उन्हें कहा जाता है ‘किंग’

एशिया कप 2022 (Asia Cup) का आगाज़ भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) अपने चिर प्रतद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ रविवार 28 अगस्त को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम (DUBAI INTERNATIONAL STADIUM) में खेलकर करेगी। जिसके लिए टीम इंडिया प्रैक्टिस सेशन के दौरान जमकर अभ्यास कर रही है। वहीं इसी बीच टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) अभ्यास के बाद जब वापसी बस की तरफ जा रहे थे तो उन्होंने कुछ ऐसा किया कि सबका दिल जीत लिया।
दिव्यांग फैन से मिलने पहुंचे विराट कोहली

आपको बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम के धाकड़ बल्लेबाज़ विराट कोहली पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महा मुकाबले के लिए नेट्स में जमकर पसीना बहा रहे हैं। ऐसे में एक प्रैक्टिस सेशन से वापसी लौटते समय किंग कोहली को पता लगा कि पाकिस्तान की उनकी एक दिव्यांग फैन उनसे मिलने आई हुई है और उनके साथ फोटो खिंचवाना चाहती है।
इस बात से अवगत होने के बाद विराट कोहली खुद उनसे मिलने गए। इतना ही नहीं बल्कि विराट (Virat Kohli) ने अपनी दिव्यांग फैन की फोटो खिंचवाने की ख्वाहिश को भी पूरा किया। वहीं विराट के इस अंदाज़ को सोशल मीडिया पर काफी ज़्यादा पसंद किया जा रहा है। यूज़र्स उनकी जमकर सरहाना कर रहे हैं।
एशिया कप 2022 में विराट से हैं काफी उम्मीदें

इस बात से हर कोई वाकिफ है कि पिछले काफी लंबे समय से भारतीय टीम के रन मशीन विराट कोहली (Virat Kohli) का बल्ला खामोश है। वह इस समय पिच पर एक-एक रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। इसमें कोई दोराय नहीं कि विराट अपने करियर के इस वक्त सबसे बुरे दौर से गुज़र रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 70 शतक जड़ने वाले इस खिलाड़ी ने तकरीबन पिछले ढाई साल से एक भी शतक नहीं जड़ा है। जो कि सिर्फ फैंस के लिए ही नहीं बल्कि किंग कोहली के लिए भी चिंता की बात है। हालांकि एशिया कप 2022 से पहले कोहली को पूर्ण आराम दिया गया था।
ऐसे में अब कयास लगाए जा रहे हैं कि विराट कोहली एशिया कप में अपनी ज़बरदस्त फॉर्म में नज़र आ सकते हैं। कई पूर्व दिग्गज क्रिकेटर्स भी इससे सहमत हैं। बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली को भी विराट कोहली से एशिया कप 2022 में काफी ज़्यादा उम्मीदें हैं। बहरहाल, पाकिस्तान के खिलाफ 28 अगस्त को विराट की सबसे बड़ी अग्निपरीक्षा होगी।
Tags: एशिया कप 2022, दिव्यांग फैन, दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम, विराट कोहली,