रणजी ट्रॉफी के लिए घरेलू टीमों के बीच मैच खेले जा रहे हैं। इस मैच में टीम गोवा और केरल की टीमें आमने सामने आईं। टीम गोवा के अर्जुन तेंदुलकर इस मैच में फ्लॉप नजर आए। 3 जनवरी को इस मैच का पहला दिन था, जहां गोवा की तरफ से खेलने वाले अर्जुन तेंदुलकर ने बेहद ही खराब प्रदर्शन किया। वह पहला दिन का खेल खत्म होने तक विकेट के लिए तरसते हुए नजर आए और एक भी विकेट नहीं हासिल कर सके।
ऐसा रहा अर्जुन तेंदुलकर का मैच
अर्जुन तेंदुलकर ने गोवा टीम की ओर से 14 ओवर की गेंदबाजी की। इस मैच में उन्होंने एक भी विकेट नहीं लिया। वहीं, उन्होंने एक मेडन ओवर डालते हुए 45 रन खर्च किए। इस दौरान उनका इकानॉमी रेट 3.21 का रहा। अर्जुन तेंदुलकर पहले दिन गोवा की ओर से दूसरे सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए।
दोनों टीमों के बीच ऐसा रहा मैच
रणजी के लिए आमने सामने आई टीम गोवा और केरल के लिए मैच कुछ ऐसा रहा। केरल और गोवा के बीच तिरुवनंतपुरम में मैच खेला जा रहा है इसमे केरल के कप्तान सीजोमन जोसेफ ने टॉस जीत के पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। केरल की शुरूआत अच्छी नहीं हुई, पहला विकेट 25 रन के स्कोर पर गिर गया। ओपनर रोहन 20 रन बनाकर पवेलियन वापस लौट गए। दूसरे ओपनर राहुल भी ज्यादा कुछ न कर सकें और 31 रन बनाकर शुभम देसाई का शिकार बने।
सचिन बेबी और रोहन प्रेम के बीच 100 रन से भी ज्यादा की साझेदारी हुई। 46 रन बनाने के बाद सचिन बेबी को सिद्धेश लाड ने चलता किया। खबर लिखे जाने तक केरल ने 76 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 224 रन बना लिए हैं। टीम गोवा में शामिल होने से पहले अर्जुन तेंदुलकर मुंबई की ओर से खेलते थे लेकिन सही जगह न मिलने कारण उन्होंने गोवा टीम का रुख किया लेकिन इस मैच में गेंदबाजी में बिल्कुल ही फ्लॉप हो गए।
